अविनाश श्रीवास्तव, रोहतास। जिले के बिक्रमगंज अनुमंडल कोर्ट परिसर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। कोर्ट परिसर में प्रवेश करने के दौरान सुरक्षाकर्मियों ने मुस्तैदी दिखाते हुए संदिग्ध अवस्था में तीन युवकों को धर दबोचा है। तलाशी के दौरान उनके पास से एक खिलौना नुमा (टॉय गन) बंदूक और एक धारदार हथियार बरामद किया गया है।



चेकिंग के दौरान हुई गिरफ्तारी
मिली जानकारी के अनुसार, अनुमंडल कोर्ट के मुख्य प्रवेश द्वार पर हमेशा की तरह सुरक्षा प्रहरी आगंतुकों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान ये तीनों युवक संदिग्ध गतिविधियों के साथ कोर्ट के अंदर प्रवेश करने की कोशिश कर रहे थे। प्रहरियों ने जब उनकी गहन तलाशी ली, तो उनके पास से हथियारनुमा वस्तुएं मिलीं, जिसके बाद तुरंत उन्हें हिरासत में ले लिया गया।
एक साथी हुआ फरार, बाइक जब्त
इस पूरी घटना के दौरान एक अन्य साथी मौका पाकर वहां से फरार होने में कामयाब रहा। पुलिस उसकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। मौके से सुरक्षाबलों ने युवकों की एक बाइक भी जब्त की है, जिसका इस्तेमाल वे कोर्ट परिसर तक पहुंचने के लिए कर रहे थे।
पुलिस कर रही है गहन पूछताछ
घटना की सूचना मिलते ही बिक्रमगंज थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और तीनों युवकों को अपने साथ थाने ले गई। फिलहाल, पुलिस हिरासत में लिए गए युवकों से लगातार पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वे किस इरादे से हथियार लेकर कोर्ट परिसर में दाखिल हो रहे थे और उनके पीछे किसी बड़ी साजिश या आपसी रंजिश का हाथ तो नहीं है। पुलिस फरार युवक की गिरफ्तारी के लिए भी हरसंभव प्रयास कर रही है।



