अविनाश श्रीवास्तव, सासाराम। रोहतास जिले के बिक्रमगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत बिक्रमगंज बाजार में दिनदहाड़े अपराधियों ने एक बड़ी लूट की घटना को अंजाम दिया है। आरा जाने वाली मुख्य सड़क पर स्थित प्रतिष्ठित ‘हीरा आभूषण भंडार’ में घुसे पांच अपराधियों ने गनपॉइंट पर लगभग 30 से 35 लाख रुपए मूल्य के आभूषणों की लूटपाट की। इस दुस्साहसिक वारदात के बाद पूरे बाजार क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया है।
हेलमेट पहनकर घुसे थे बदमाश
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुकान के अंदर प्रवेश करने वाले सभी पांचों अपराधी अपने सिर पर हेलमेट पहने हुए थे और उन्होंने अपने चेहरे को भी ढंक रखा था। दुकान के अंदर घुसते ही बदमाशों ने हथियार निकाल लिए और दुकानदार प्रणीत कुमार को अपने कब्जे में ले लिया। अपराधियों ने हथियार के बल पर दुकानदार को जान से मारने की धमकी दी, जिससे डरकर दुकानदार और वहां मौजूद अन्य लोगों ने कोई विरोध नहीं किया।
दुकान में मौजूद थे अन्य लोग भी
घटना के वक्त दुकान के भीतर दुकानदार प्रणीत कुमार के अलावा उनका एक स्टाफ और एक आभूषण कारीगर भी मौजूद था। उस वक्त कारीगर दुकान में बैठकर चाय पी रहा था। अपराधियों ने पूरी बेखौफ अंदाज में दुकान के भीतर रखे लाखों रुपए के गहनों को समेटा और लूटपाट को अंजाम देने के बाद पैदल ही आराम से दुकान से बाहर निकल गए।
पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी है। बिक्रमगंज के अनुमंडल पुलिस अधिकारी (SDPO) सिंधु शेखर सिंह ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि दुकान के अंदर पांच अपराधी मौजूद थे, जबकि इस बात की भी गहन जांच की जा रही है कि कुछ अपराधी दुकान के बाहर भी निगरानी कर रहे थे या नहीं।
नुकसान के आंकड़े पर असमंजस
लूटे गए सामान के आकलन को लेकर पुलिस और दुकानदार के बयानों में अंतर देखा जा रहा है। जहां शुरुआती पुलिस आकलन और जांच में लगभग 10 लाख रुपए के आभूषण लूट की बात सामने आ रही है, वहीं दूसरी ओर दुकान के मालिक प्रणीत कुमार का दावा है कि अपराधियों ने उनकी दुकान से कुल 30 लाख से 35 लाख रुपए के आभूषणों की लूट की है। फिलहाल पुलिस दुकान में लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगालने के साथ-साथ आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है ताकि अपराधियों की पहचान कर जल्द से जल्द उन्हें गिरफ्तार किया जा सके।


