अविनाश श्रीवास्तव, रोहतास। जिले के दिनारा थाना क्षेत्र के खनिता गांव के पास एक तेज रफ्तार पिकअप और ऑटो के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। इस भीषण सड़क हादसे में ऑटो पर सवार चाचा और भतीजे की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। इस घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया है और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ पड़ी है।

​लकवा के इलाज के लिए गए थे पूरा परिवार

​मिली जानकारी के मुताबिक, दोनों मृतक पड़ोसी राज्य बक्सर जिले के नवानगर थाना क्षेत्र के वसुदेवा बिंद टोली के रहने वाले थे। मृतकों की पहचान 58 वर्षीय भगवान बिंद और उनके 45 वर्षीय भतीजे हरेंद्र बिंद के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि भगवान बिंद को कुछ समय पहले लकवा (पैरालिसीस) का अटैक आया था। उनके बेहतर इलाज के लिए पूरा परिवार दिनारा थाना क्षेत्र के मठिया स्थित एक निजी पोलियो और लकवा अस्पताल में आया हुआ था। अस्पताल में डॉक्टर से इलाज करवाने के बाद, संतुष्ट होकर पूरा परिवार एक ऑटो में सवार होकर वापस अपने घर बक्सर के नवानगर लौट रहा था।

​खनिता के पास हुआ भीषण हादसा और घायलों का इलाज

​अभी ऑटो दिनारा थाना क्षेत्र के खनिता के पास ही पहुंचा था कि सामने से आ रही एक अनियंत्रित पिकअप ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए। इस दुर्घटना में भगवान बिंद और उनके भतीजे हरेंद्र बिंद की मौके पर ही मौत हो गई।
​वहीं, इस हादसे में मृतक भगवान बिंद की पत्नी समेत कुल पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायलों में दो महिलाएं और तीन पुरुष शामिल हैं। दुर्घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए दिनारा और बिक्रमगंज के अलग-अलग निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति पर डॉक्टर लगातार नजर बनाए हुए हैं।

​पोस्टमार्टम के लिए सासाराम सदर अस्पताल भेजे गए शव

​घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को अपने कब्जे में ले लिया और कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए सासाराम के सदर अस्पताल भेज दिया है। पुलिस इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है और पिकअप वाहन की तलाश में जुटी हुई है।