अविनाश श्रीवास्तव/रोहतास। जिले के डेहरी स्थित तार बंगला मोहल्ले में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। महज 23 वर्षीय सोनाली की मौत के बाद परिजनों ने ससुराल पक्ष पर दहेज प्रताड़ना और हत्या का गंभीर आरोप लगाया है। घटना के बाद से ही मृतका के मायके में कोहराम मचा है।

​शादी के चंद महीनों बाद ही टूटे सपने

​मृतका के परिजनों के अनुसार सोनाली की शादी इसी वर्ष 25 फरवरी को भोजपुर जिले के कोईलवर निवासी रिपु लाल के साथ हुई थी। शादी के कुछ समय बाद ही ससुराल वालों का असली चेहरा सामने आने लगा। परिजनों का आरोप है कि ससुराल पक्ष द्वारा सोनाली को लगातार दहेज के लिए मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। आए दिन नई-नई मांगें पूरी न होने पर उसे तंग किया जाता था।

​नशे में पति करता था मारपीट

​सोनाली के परिजनों ने यह भी खुलासा किया कि उसका पति रिपु लाल अक्सर नशे की हालत में घर पहुंचता था और सोनाली के साथ क्रूरतापूर्वक मारपीट करता था। परिजनों के मुताबिक, पांच दिन पूर्व उन्हें सूचना मिली कि सोनाली को घर में गंभीर चोट लगी है। आनन-फानन में मायके वाले कोईलवर पहुंचे, जहां सोनाली की हालत बेहद नाजुक थी। उसके पैर पर चोट के गहरे निशान थे।

​पटना एम्स में तोड़ा दम

​परिजन गंभीर हालत में सोनाली को बेहतर इलाज के लिए पटना के एम्स अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टरों ने उसे बचाने की भरसक कोशिश की, लेकिन इलाज के दौरान सोनाली की सांसें थम गईं। बेटी की मौत से आहत मायके वाले शव को लेकर डेहरी के तार बंगला मोहल्ला पहुंचे और स्थानीय थाने को घटना की जानकारी दी।

​पुलिस जांच में जुटी

​सूचना मिलते ही डेहरी थाना पुलिस सक्रिय हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए सासाराम भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल, मायके वालों की शिकायत के आधार पर पुलिस ससुराल पक्ष के खिलाफ दहेज प्रताड़ना और हत्या का मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। इस घटना ने एक बार फिर दहेज जैसी सामाजिक कुरीति पर सवाल खड़े कर दिए हैं।