अविनाश श्रीवास्तव/ सासाराम। रोहतास जिले से प्रेम-प्रसंग का एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने स्थानीय लोगों के होश उड़ा दिए। एक प्रेमी अपनी रूठी हुई प्रेमिका को मनाने के लिए सात समंदर पार तो नहीं, लेकिन मध्य प्रदेश के इंदौर से करीब एक हजार किलोमीटर का सफर तय कर रोहतास के डालमियानगर थाना क्षेत्र के मकराइन गांव पहुंच गया। जब प्रेमिका ने उससे मिलने और बात करने से साफ इनकार कर दिया, तो आवेश में आकर युवक ने आत्मघाती कदम उठा लिया।
इंदौर से मकराइन गांव तक का सफर
प्राप्त जानकारी के अनुसार, युवक की पहचान प्रशांत जैन के रूप में हुई है, जो इंदौर के उस्मान नगर का निवासी है। प्रशांत और मकराइन गांव की एक युवती के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध थे। हालांकि, बीते कुछ समय से युवती ने प्रशांत से दूरी बनानी शुरू कर दी थी और उसे नजरअंदाज कर रही थी। इसी अनबन को खत्म करने और अपनी प्रेमिका को फिर से मनाने की उम्मीद लिए प्रशांत गुरुवार को उसके गांव पहुंच गया।
बिजली के खंभे पर हाई-वोल्टेज ड्रामा
गांव पहुंचने के बाद जब प्रशांत ने युवती से संपर्क किया, तो उसने मिलने से मना कर दिया। इस बेरुखी से आहत होकर प्रशांत का मानसिक संतुलन बिगड़ गया और उसने सरेआम हंगामा शुरू कर दिया। देखते ही देखते वह गांव के बीचों-बीच स्थित एक बिजली के खंभे पर चढ़ गया। वहां उसने अपने गले में बेल्ट का फंदा बनाया और आत्महत्या का प्रयास करने लगा। इस मंजर को देख गांव में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए।
ग्रामीणों की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा
वहां मौजूद ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए शोर मचाया और युवक को समझा-बुझाकर नीचे उतारने की कोशिश की। कड़ी मशक्कत के बाद लोगों ने उसे खंभे से सुरक्षित नीचे उतारा। हालांकि, फंदा कसने और गिरने की स्थिति के कारण वह बेहोश हो गया था। आनन-फानन में उसे स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सासाराम के सदर अस्पताल रेफर कर दिया।
अब खतरे से बाहर है प्रेमी
सदर अस्पताल में उपचाराधीन प्रशांत की स्थिति अब स्थिर बताई जा रही है। ड्यूटी पर तैनात चिकित्सकों के अनुसार, जब उसे अस्पताल लाया गया था तब वह अचेत था, लेकिन समय पर इलाज मिलने से अब वह होश में है और बातचीत कर पा रहा है। पुलिस इस मामले की छानबीन कर रही है और युवक के परिजनों को सूचित कर दिया गया है। यह घटना पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

