अविनाश श्रीवास्तव/ सासाराम। बिहार के रोहतास जिले के नोखा प्रखंड से एक रूह कंपा देने वाली घटना सामने आई है। यहां धर्मपुरा थाना क्षेत्र के एक गांव में घरेलू काम के दौरान हुई एक छोटी सी चूक ने नौ साल के मासूम बच्चे की जान जोखिम में डाल दी है। खाना बनाने के दौरान खौलते हुए चावल के पानी (माड़) की चपेट में आने से बालक बुरी तरह झुलस गया है।

​खेलते-खेलते हुआ बड़ा हादसा

​मिली जानकारी के अनुसार, धर्मपुरा थाना क्षेत्र निवासी एक परिवार में दोपहर के समय भोजन पकाया जा रहा था। घायल बालक की पहचान 9 वर्षीय आयुष कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि आयुष की मां किचन में खाना बना रही थी। उन्होंने चावल पकाने के बाद गरम पानी (माड़) को पसाकर एक बड़े बर्तन में नीचे रखा था। इसी बीच, आयुष वहां खेलते हुए पहुंचा और अचानक संतुलन बिगड़ने के कारण वह सीधे उस खौलते हुए माड़ से भरे बर्तन पर जा गिरा।

​परिजनों में मचा कोहराम, अस्पताल में भर्ती

​खौलते पानी के संपर्क में आते ही मासूम चीखने-चिल्लाने लगा। आवाज सुनकर दौड़े परिजनों ने आनन-फानन में उसे बर्तन से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसका शरीर काफी हद तक झुलस चुका था। घर में चीख-पुकार मच गई और परिजन बिना देर किए उसे सासाराम स्थित सदर अस्पताल ले गए।

​ट्रामा सेंटर में चल रहा है इलाज

​फिलहाल, आयुष को सासाराम सदर अस्पताल के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है, जहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की देखरेख में उसका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार, बच्चा काफी गंभीर रूप से झुलसा है और उसकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। इस घटना के बाद से पूरे गांव में सन्नाटा पसरा है और मां का रो-रोकर बुरा हाल है। यह घटना घर के भीतर बच्चों की सुरक्षा को लेकर एक बड़ा सबक भी देती है।