अविनाश श्रीवास्तव, रोहतास। जिला पुलिस के हाथ एक बड़ी सफलता लगी है, जहां सासाराम नगर थाना क्षेत्र के पाली पुल के पास से पुलिस ने 45 किलो से अधिक गांजा के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। इनमें दो महिलाएं और एक पुरुष शामिल है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की है। गिरफ्तार तस्करों के पास से दो मोबाइल और 6,800 रुपये नकद भी बरामद भी बरामद हुआ है।

45 किलो गांजा बरामद

मिली जानकारी के अनुसार गिरफ्तार तस्कर बरामद गांजा उड़ीसा के संबलपुर से ट्रेन के माध्यम से लेकर डेहरी पहुंचे थे। ये लोग एक ऑटो में गांजे को लेकर कहीं निकलने की फिराक में थे। इसी दौरान पुलिस ने मिली सूचना के आधार पर छापेमारी करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर लिया। छापेमारी के दौरान तस्करों के पास से 45 किलो गांजा बरामद हुआ है। जो अलग-अलग ट्रॉली बैग में रखा हुआ था।

पुलिस को मिली थी गुप्त सूचना

एसडीपीओ वन ने प्रेसवार्ता के दौरान बताया कि गुरुवार की शाम गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ लोग उड़ीसा से ट्रेन के माध्यम से गांजा लेकर आ रहे हैं और टेंपो से पाली रोड की ओर जाने वाले मोड़ के पास से गुजरने वाले हैं। सूचना का सत्यापन करने के बाद पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध आटो को रोक और उसकी तलाशी ली। इस दौरान आटो में रखे ट्रॉली बैग से 45.5 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने टेंपो में सवार दो महिलाओं और एक पुरुष को गिरफ्तार कर लिया।

बिहार और उड़ीसा के रहने वाले हैं आरोपी

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान अकोढ़ीगोला थाना क्षेत्र के नावाडीह गांव निवासी कामेश्वर राम की 36 वर्षीय पत्नी रीना देवी, उड़ीसा राज्य के संबलपुर जिला अंतर्गत बुरला थाना क्षेत्र के अंधारीपतरा निवासी कुंज बिहारी की पत्नी 36 वर्षीय पिंकी भुये और रामपुरा जिला के सोआर मिरापुर निवासी मतलब साव के 28 वर्षीय पुत्र अनश साव के रूप में हुई है। फिलहाल पुलिस ने बरामद गांजा, मोबाइल और नकदी को जब्त कर लिया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

ये भी पढ़ें- ​सासाराम में पुलिस से बचने के लिए प्रेस लिखी चोरी की लग्जरी कार बरामद, एक गिरफ्तार