रुड़की में किसान 19 अगस्त से गन्ना भुगतान समेत विभिन्न मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन धरने पर हैं. सोमवार को किसानों ने इकबालपुर गन्ना समिति कार्यालय के बाहर प्रदर्शन कर 120 करोड़ रुपये के बकाये के भुगतान की मांग की.

रुड़की. जिले में गन्ने के बकाया भुगतान को लेकर किसानों का आंदोलन तेज हो गया है. उत्तराखंड किसान मोर्चा के बैनर तले किसान 19 अगस्त से रुड़की तहसील परिसर में विभिन्न मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे हैं. सोमवार, 7 सितंबर को सैकड़ों किसान एकजुट होकर इकबालपुर गन्ना समिति कार्यालय पहुंचे और वहां धरना शुरू कर दिया.

समिति कार्यालय के बाहर किसानों ने नारेबाजी करते हुए 120 करोड़ रुपये के बकाया गन्ना भुगतान को जल्द कराने की मांग उठाई. किसानों ने जिला गन्ना अधिकारी (DCO) कपिल मोहन को ज्ञापन सौंपकर मांग पूरी करने के लिए दो दिन का समय दिया है.

समिति कार्यालय पर प्रदर्शन

धरनास्थल से बड़ी संख्या में किसान इकबालपुर गन्ना समिति कार्यालय पहुंचे. किसानों ने कार्यालय के बाहर दरी बिछाकर प्रदर्शन किया और अपनी मांगें रखीं. इस दौरान समिति के सेक्रेटरी और डीसीओ कपिल मोहन को भी किसानों ने अपने बीच बैठाया और समस्याओं से अवगत कराया.

किसानों का कहना है कि उन्होंने इकबालपुर समिति की पर्ची पर चीनी मिल को गन्ना दिया है. ऐसे में उनका भुगतान कराने की जिम्मेदारी समिति की भी बनती है.

तालाबंदी की चेतावनी

किसान नेता गुलशन रोड ने कहा कि किसान अपना गन्ना भुगतान लेकर रहेंगे. उन्होंने बताया कि डीसीओ को दो दिन का समय दिया गया है. इसके बाद जिलाधिकारी के साथ बैठक होगी और बैठक के बाद आंदोलन की आगे की रणनीति तय की जाएगी.

किसान नेताओं ने मांग पूरी नहीं होने पर समिति कार्यालय में तालाबंदी करने की चेतावनी भी दी है. उनका कहना है कि जरूरत पड़ने पर इस कदम से भी पीछे नहीं हटेंगे.

डीसीओ ने कही ये बात

डीसीओ कपिल मोहन ने बताया कि किसानों ने गन्ना भुगतान से जुड़ी समस्या को लेकर ज्ञापन दिया है. उनके मुताबिक मामले में पहले से कार्रवाई चल रही है और जिलाधिकारी भी लगातार इस विषय का संज्ञान ले रहे हैं.

कपिल मोहन ने कहा कि जल्द ही इस संबंध में उच्चस्तरीय बैठक प्रस्तावित है. बैठक के बाद मामले में उचित निर्णय लिया जाएगा.