Rose Sharbat Recipe : चिलचिलाती गर्मी और लू के मौसम में शरीर को ठंडक और पर्याप्त पानी मिलना बहुत जरूरी है. ऐसे में गुलाब और मिश्री से बना घर का शरबत स्वादिष्ट होने के साथ-साथ ताजगी भी देता है. गुलाब और मिश्री दोनों की तासीर ठंडी होती है जो न सिर्फ शरीर का तापमान सामान्य करती है बल्कि आपको दिनभर के लिए गजब की एनर्जी भी देती है. आइए जानते हैं इस रिफ्रेशिंग रिफ्रेशिंग और खुशबूदार शरबत को बनाने की बेहद आसान रेसिपी.

सामग्री

ताज़ी गुलाब की पंखुड़ियां -1 कप (खाने योग्य, बिना रसायन वाली)
मिश्री -4–5 बड़े चम्मच
पानी-2 कप
नींबू का रस-1 छोटा चम्मच
बर्फ के टुकड़े
कुछ गुलाब की पंखुड़ियां सजावट के लिए

विधि

1-गुलाब की पंखुड़ियों को अच्छी तरह धो लें.एक बर्तन में पानी और पंखुड़ियां डालकर 10–15 मिनट तक धीमी आंच पर पकाएं.
2-जब पानी हल्का गुलाबी रंग का हो जाए, तो गैस बंद कर दें और मिश्रण को ठंडा होने दें.पंखुड़ियों को छानकर अलग कर लें.
3-इस पानी में मिश्री डालकर अच्छी तरह घोलें.चाहें तो हल्का खट्टापन लाने के लिए नींबू का रस मिला सकते हैं.शरबत को फ्रिज में ठंडा करें.सर्व करते समय गिलास में बर्फ डालें और ऊपर से गुलाब की कुछ पंखुड़ियां सजाएं.

सेवन के फायदे

1-गर्मी में ताजगी और ठंडक का अहसास देता है.
2-शरीर को हाइड्रेट रखने में मदद करता है.
3-गुलाब की सुगंध मन को शांत और तरोताजा महसूस करा सकती है.
4-मिश्री मिठास के साथ शरबत का स्वाद बढ़ाती है.

ध्यान रखें

1-केवल खाने योग्य (edible) गुलाब की पंखुड़ियों का ही उपयोग करें.
2-मधुमेह या रक्त शर्करा नियंत्रित रखने वालों को मिश्री की मात्रा सीमित रखनी चाहिए.
3-यह एक स्वादिष्ट पेय है, लेकिन इसे किसी चिकित्सीय उपचार का विकल्प नहीं माना जाना चाहिए.