पटना: शहर के चर्चित ‘ज्ञान बिंदु कोचिंग’ के डायरेक्टर रौशन आनंद की रिहाई की मांग को लेकर आज पटना की सड़कों पर छात्र फिर से उतरेंगे। रौशन आनंद की जमानत याचिका अदालत द्वारा खारिज किए जाने के बाद छात्रों में भारी आक्रोश है। इसी कड़ी में आज शाम 5 बजे पटना कॉलेज से कारगिल चौक तक एक विशाल ‘आक्रोश मार्च’ निकाला जाएगा।
जमानत खारिज होने से भड़के छात्र
खान सर की कोचिंग में हुई फायरिंग और हंगामे के मामले में ज्ञान बिंदु कोचिंग के डायरेक्टर रौशन आनंद वर्तमान में जेल में बंद हैं। हाल ही में निचली अदालत ने उनकी जमानत याचिका को खारिज कर दिया, जिसके बाद से उनके समर्थक छात्रों ने आंदोलन तेज कर दिया है। इससे पूर्व कल भी छात्रों ने कारगिल चौक तक कैंडल मार्च निकालने का प्रयास किया था, लेकिन प्रशासन द्वारा अनुमति न मिलने के कारण वे आगे नहीं बढ़ सके और कोचिंग के बाहर ही जोरदार नारेबाजी कर अपना विरोध जताया।
पोस्टर-बैनर के साथ ‘न्याय’ की मांग
प्रदर्शनकारी छात्रों के हाथों में तख्तियां और पोस्टर देखे गए, जिन पर “झूठे केस में हमारा जीवन बर्बाद न करें” और “मैं निर्दोष हूं” जैसे नारे लिखे थे। छात्र न केवल रौशन आनंद की रिहाई की मांग कर रहे हैं, बल्कि इस पूरे मामले में खान सर की तत्काल गिरफ्तारी की भी मांग उठा रहे हैं, जिससे पटना का शैक्षणिक माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है।
खान सर को मिली राहत, 20 जून को अगली सुनवाई
दूसरी ओर, फायरिंग मामले में खान सर को बड़ी राहत मिली है। मंगलवार को पटना सिविल कोर्ट में उनकी अग्रिम जमानत याचिका पर सुनवाई हुई। अदालत ने फिलहाल उनकी गिरफ्तारी पर रोक लगा दी है। कोर्ट ने स्पष्ट आदेश दिया है कि अगली सुनवाई तक खान सर के खिलाफ कोई भी कठोर या दंडात्मक कार्रवाई न की जाए। साथ ही, पुलिस से इस मामले की केस डायरी भी तलब की गई है।
खान सर के वकील अरविंद कुमार महुआर ने दलील दी कि गोलीबारी आत्मरक्षा में की गई थी और इसका उद्देश्य भय का माहौल बनाना नहीं था। अब इस मामले की अगली सुनवाई 20 जून को तय की गई है, जिस पर सबकी निगाहें टिकी हैं।

