बराड़ा (अनिल शर्मा ). रोटरी क्लब बराड़ा की नई कार्यकारिणी के इंस्टॉलेशन समारोह का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें डिस्ट्रिक्ट गवर्नर डॉ. रीटा कालड़ा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उनके साथ डॉ. संजय कालड़ा, एजी राजकुमार शर्मा, ज़ेडएलएफ टी.के. बजाज, चीफ एड टू डीजी एन.पी.एस. भोला, रोटेरियन संदीप जैन, डॉ कुलभूषण शर्मा निसा के राष्ट्रीय अध्यक्ष सहित हरपाल सिंह, राजकुमार सांगवान, दिलप्रीत सिंह, रघुबीर सिंह, रमेश सांगवान, साहिल वर्मा, कुलभूषण, राजेश धीमान, साहिल शर्मा, गैमल दहिया, पूर्ण छाबड़ा, गुरदीप सिंह, इंद्रजीत सिंह, संजीव सांगवान, रहमदीन, रणजीत सिंह, जसविंदर सिंह, जसदीप सिंह, कुलविंदर कौर, नवदीप कौर, रिचा शर्मा, गुरमीत कौर, प्रियंका वर्मा, मुस्कान, समरीत कौर और नीलू छाबड़ा सहित बड़ी संख्या में रोटेरियन उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद वर्ष 2026-27 की नई कार्यकारिणी की घोषणा की गई। जिसमें बलकार सिंह कंबोज ने क्लब के प्रधान, साहिल वर्मा ने सचिव तथा दिलप्रीत सिंह ने कोषाध्यक्ष के रूप में पदभार ग्रहण किया। क्लब के पूर्व प्रधान हरपाल सिंह ने अपने कार्यकाल की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण और जरूरतमंद लोगों की सहायता के क्षेत्र में क्लब द्वारा किए गए कार्यों की जानकारी दी। कार्यक्रम का संचालन नवदीप कौर ने किया।

इस दौरान बलकार सिंह कंबोज को कॉलर पहनाकर औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण करवाया गया। मुख्य अतिथि डॉ. रीटा कालड़ा ने कहा कि रोटरी केवल एक संगठन नहीं, बल्कि सेवा, मानवता और सामाजिक परिवर्तन का वैश्विक अभियान है। उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और मानवीय सहायता के क्षेत्र में रोटरी विश्वभर में उल्लेखनीय कार्य कर रही है। उन्होंने क्लब के सदस्यों से समाज के अंतिम व्यक्ति तक सहायता पहुंचाने के उद्देश्य से पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

नवनियुक्त प्रधान बलकार सिंह कंबोज ने कहा कि क्लब के सदस्यों ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर वह पूरी ईमानदारी से खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने बताया कि नए कार्यकाल में पर्यावरण संरक्षण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।

उन्होंने बताया कि क्लब आर्थिक रूप से कमजोर 20 निर्धन बच्चों की शिक्षा का संपूर्ण खर्च उठाएगा। जरूरतमंद विद्यार्थियों को स्कूल ड्रेस, किताबें, स्टेशनरी, जूते एवं अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी। शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों और मेधावी विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया जाएगा।

बलकार सिंह कंबोज ने बताया कि क्लब की ओर से स्कूलों में डेंटल एवं नेत्र जांच शिविर, स्वास्थ्य परीक्षण शिविर, रक्तदान शिविर और जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि गांव मगरपुरा स्थित नी आसरे दा आसरा आश्रम, जहां लगभग 250 बेसहारा एवं असहाय लोगों की देखभाल की जाती है, वहां पिछले एक वर्ष से रोटरी क्लब बराड़ा प्रत्येक माह दूध उपलब्ध करवा रहा है और यह सेवा आगे भी जारी रहेगी। उन्होंने बताया कि महिलाओं में बढ़ रहे स्तन कैंसर के मामलों को देखते हुए इस वर्ष भी निःशुल्क मैमोग्राफी जांच शिविर आयोजित किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक महिलाओं को समय पर जांच की सुविधा मिल सके।

समारोह के अंत में मुख्य अतिथि एवं अन्य विशिष्ट अतिथियों को सम्मानित किया गया। उपस्थित सदस्यों ने नई कार्यकारिणी को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि रोटरी क्लब बराड़ा शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण और मानव सेवा के क्षेत्र में आने वाले समय में नई मिसाल कायम करेगा।