रोटरी क्लब ऑफ सोनीपत आर्डेंट ने विद्यार्थियों के बेहतर शैक्षणिक विकास के लिए जे.डी. मेमोरियल सीनियर सेकेंडरी स्कूल में कंप्यूटर लैब और बेंच डोनेट किए हैं। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर सोनीपत के विधायक निखिल मदान शामिल हुए।
संजीव घनगस,सोनीपत। शिक्षा के क्षेत्र में सामाजिक सरोकार निभाते हुए रोटरी क्लब ऑफ सोनीपत आर्डेंट द्वारा जे.डी. मेमोरियल सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सोनीपत में विद्यार्थियों के बेहतर शैक्षणिक विकास के लिए 8 कंप्यूटरों की आधुनिक कंप्यूटर लैब और 17 नए बेंच भेंट किए गए। इस विशेष रोटरी क्लब सोनीपत आर्डेंट के कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सोनीपत के विधायक श्री निखिल मदान ने शिरकत की। उन्होंने रोटरी क्लब द्वारा किए जा रहे इन सराहनीय सामाजिक कार्यों की खुलकर प्रशंसा की। विधायक ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में इस प्रकार के सहयोग से विद्यार्थियों को आधुनिक सुविधाएं मिलती हैं, जिससे उनका भविष्य उज्जवल और बेहतर बनता है। उन्होंने समाज के सक्षम लोगों और अन्य संस्थाओं से भी शिक्षा के उत्थान में योगदान देने का आह्वान किया।
शिक्षा क्षेत्र में रोटरी की बड़ी पहल
इस गरिमामयी कार्यक्रम की अध्यक्षता रोटरी क्लब ऑफ सोनीपत आर्डेंट के प्रधान रोटेरियन पुनीत वंदना जग्गा ने की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि क्लब का मुख्य उद्देश्य समाज सेवा के साथ-साथ बच्चों को आधुनिक शिक्षा सुविधाएं उपलब्ध करवाना है, ताकि विद्यार्थी तकनीकी शिक्षा से जुड़कर भविष्य में नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर सकें। कार्यक्रम में क्लब के सचिव रोटेरियन अंकुश रूबी शर्मा और मीटिंग चेयरमैन पूर्व प्रधान श्री सतीश चोपड़ा भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। इन सभी पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से विश्वास दिलाया कि रोटरी क्लब आने वाले समय में भी शिक्षा, स्वास्थ्य और विभिन्न सामाजिक क्षेत्रों में इसी प्रकार पूरी निष्ठा के साथ निरंतर सेवा कार्य करता रहेगा।
स्कूल प्रबंधन ने जताया क्लब का आभार
विद्यालय की निदेशक श्रीमती पूनम रॉय एवं प्राचार्या श्रीमती सीमा मेहता ने रोटरी क्लब का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि स्कूल को मिली कंप्यूटर सुविधाएं और बेंच विद्यार्थियों के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होंगे। इससे बच्चों को न केवल बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलेगा, बल्कि स्कूल में डिजिटल शिक्षा को भी बढ़ावा मिलेगा। इस अवसर पर रोटेरियन संदीप आहूजा, निशित ऐच, अतुल खट्टर, अभिषेक गुप्ता, आशु नागपाल, राजेश कटारिया, जितेंद्र चावला, प्रमोद भूटानी, आशुतोष सिंह, संजय आंटिल, सुनील मनचंदा, सुनील कश्यप सहित क्लब के अन्य सम्मानित सदस्य एवं विद्यालय का पूरा स्टाफ मुख्य रूप से उपस्थित रहा। सभी ने बच्चों के उज्जवल भविष्य की कामना की।

