सोनीपत. पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए रोटरी क्लब ऑफ सोनीपत आरडेन्ट ने “हरित संकल्प” अभियान के तहत दो स्थानों पर वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए। कार्यक्रमों में रोटेरियनों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और अधिक से अधिक पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
पहला कार्यक्रम एस-7, सरस्वती शिक्षा संस्थान सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सोनीपत में आयोजित किया गया। विद्यालय प्रबंधन के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में क्लब के सदस्यों ने विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए। इस अवसर पर विद्यार्थियों को वृक्षों के महत्व, पर्यावरण संरक्षण और पौधों की नियमित देखभाल के प्रति जागरूक किया गया। क्लब पदाधिकारियों ने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी देखभाल करना भी प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।
इसके बाद दूसरा कार्यक्रम मुरथल रोड स्थित वन प्रस्थ टाउनशिप के रोटरी पार्क में आयोजित हुआ। यहां रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3080 के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रोटेरियन अमित गुप्ता ने रोटरी पार्क का विधिवत उद्घाटन किया। यह आयोजन जोन-9 और जोन-10 के विभिन्न रोटरी क्लबों के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के दौरान रोटरी क्लब ऑफ सोनीपत आरडेन्ट की ओर से डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रोटेरियन अमित गुप्ता, असिस्टेंट गवर्नर रोटेरियन रविंद्र भारद्वाज तथा असिस्टेंट गवर्नर रोटेरियन रिम्पी कुच्छल का सम्मान किया गया। इसके उपरांत सभी रोटेरियनों ने पार्क परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

रोटरी क्लब ऑफ सोनीपत आरडेन्ट के अध्यक्ष रोटेरियन प्रमोद मोना भुटानी ने कहा कि वृक्षारोपण केवल एक सामाजिक परियोजना नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी नैतिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल का संकल्प ले, तो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ा बदलाव संभव है। उन्होंने बताया कि क्लब भविष्य में भी समाजहित और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े ऐसे जनकल्याणकारी अभियान निरंतर चलाता रहेगा।
कार्यक्रमों में रोटरी सदस्यों की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली। पूरे आयोजन में “सर्विस एबव सेल्फ” की भावना स्पष्ट रूप से दिखाई दी।
- अमृत योजना का गड्ढा बना मौत की वजह? ई-रिक्शा पलटने से बुजुर्ग की मौत, हादसे का CCTV आया सामने
- छात्रों पर लाठीचार्ज से भड़की कांग्रेस! अजय राय बोले- मोदी सरकार लोकतंत्र का गला घोंट रही है
- बिहार में डबल मर्डर से सनसनी, घर में घुसकर रिटायर्ड बैंककर्मी और पत्नी की निर्मम हत्या
- लोकायुक्त का छापाः बिजली कंपनी के अधीक्षण यंत्री के 9 ठिकानों पर दबिश, 258% अधिक संपत्ति का खुलासा
- 21 July History: भारत की पहली महिला राष्ट्रपति से पहले पब्लिक थिएटर तक, पढ़ें अहम घटनाएं


