जयपुर। राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) की भर्ती परीक्षाओं में फर्जीवाड़े का बड़ा मामला सामने आया है। प्राध्यापक (स्कूल शिक्षा) प्रतियोगी परीक्षा-2022 में डमी कैंडिडेट बैठाकर चयन हासिल करने के मामले में अब आयोग का ही एक कर्मचारी गिरफ्त में आ गया है। स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) ने आयोग के लिपिक मानसिंह मीणा को गिरफ्तार किया है, जिस पर पूरे फर्जीवाड़े में अहम भूमिका निभाने का आरोप है।

मामले का खुलासा उस समय हुआ जब आयोग ने परीक्षा प्रक्रिया और दस्तावेजों की गहन जांच शुरू की। जांच में सामने आया कि अभ्यर्थी राजेश कुमार मीणा ने इतिहास विषय की परीक्षा में अपनी जगह डमी कैंडिडेट को बैठाया था। हैरानी की बात यह रही कि इस फर्जी तरीके से वह मुख्य चयन सूची में 569वीं रैंक हासिल करने में भी सफल हो गया था।

बताया जा रहा है कि RPSC सचिव रामनिवास मेहता के निर्देशन में दस्तावेजों और परीक्षा रिकॉर्ड की विस्तृत जांच की गई। इस दौरान आवेदन पत्र, उपस्थिति पत्रक, फोटो और हस्ताक्षरों में गड़बड़ी पाई गई, जिसके बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ।

जांच आगे बढ़ने पर आयोग के भीतर से ही मिलीभगत की पुष्टि हुई। एसओजी की जांच में सामने आया कि आयोग में वर्ष 2020 से पदस्थ लिपिक मानसिंह मीणा और अभ्यर्थी राजेश कुमार मीणा पहले से परिचित थे। आरोप है कि मानसिंह ने ही डमी अभ्यर्थी बैठाने और दस्तावेजों में हेरफेर करने में मदद की।

पुलिस जांच के मुताबिक, डमी अभ्यर्थी ने 17 अक्टूबर 2022 को सोडाला स्थित लर्निंग स्टेप स्कूल में सामान्य ज्ञान की परीक्षा दी थी, जबकि 18 अक्टूबर 2022 को बेनाड़ रोड स्थित एक सरकारी स्कूल में इतिहास विषय की परीक्षा में शामिल हुआ था। आरोपियों ने उपस्थिति पत्रक में फोटो बदलने और जन्मतिथि में हेरफेर कर फर्जी दस्तावेज तैयार किए थे।

एसओजी ने मामले में लिपिक मानसिंह मीणा को गिरफ्तार कर लिया है और अब पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि इस फर्जीवाड़े में और कौन-कौन लोग शामिल थे तथा क्या अन्य भर्ती परीक्षाओं में भी इसी तरह की गड़बड़ियां की गई हैं।

इस कार्रवाई के बाद RPSC और भर्ती परीक्षा प्रणाली की पारदर्शिता को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। वहीं आयोग ने संकेत दिए हैं कि भर्ती परीक्षाओं में किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
राजस्थान की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें