RPSC JLO Exam 2025: राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) की ओर से आयोजित जूनियर लॉ ऑफिसर (JLO) भर्ती परीक्षा 2025 के पहले दिन कार्यवाहक अध्यक्ष कर्नल केसरी सिंह ने जयपुर के कई परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने दावा किया कि राजस्थान में पिछले 3 वर्षों में कोई भी पेपर लीक नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में पेपर लीक से ज्यादा बड़ी चुनौती उन तत्वों से होगी, जो परीक्षाओं को टालने की कोशिश करते हैं।

कई परीक्षा केंद्रों का किया निरीक्षण
कर्नल केसरी सिंह ने माणक चौक, झोटवाड़ा, गांधीनगर और गणगौरी बाजार स्थित सरकारी स्कूलों में बनाए गए परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। उनके साथ एडीएम ईस्ट नरेंद्र कुमार वर्मा भी मौजूद रहे। वहीं, आयोग की संयुक्त सचिव ऋषिबाला श्रीमाली ने भी विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
3 साल में पेपर लीक की कोई घटना नहीं
मीडिया से बातचीत में केसरी सिंह ने कहा कि देश में सबसे अधिक प्रतियोगी परीक्षाओं का आयोजन RPSC कर रहा है। उन्होंने दावा किया कि सरकार और प्रशासन के सहयोग से पिछले ढाई से तीन वर्षों में राजस्थान में पेपर लीक की कोई घटना नहीं हुई। उन्होंने कहा कि आयोग का उद्देश्य निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से परीक्षाएं कराना है और शीर्ष स्तर पर इसकी लगातार निगरानी की जा रही है।
परीक्षा डिले कराने वाला माफिया बड़ी चुनौती
RPSC कार्यवाहक अध्यक्ष ने कहा कि भविष्य में आयोग के सामने सबसे बड़ी चुनौती पेपर लीक नहीं, बल्कि ऐसे लोग होंगे जो विभिन्न तरीकों से परीक्षाओं को विलंबित कराने की कोशिश करते हैं। उन्होंने कहा कि आयोग समयबद्ध तरीके से परीक्षा और परिणाम जारी करने का प्रयास कर रहा है ताकि अभ्यर्थियों को अनावश्यक इंतजार न करना पड़े।
प्रशासन और पुलिस के सहयोग से सुरक्षा व्यवस्था
केसरी सिंह ने कहा कि जिला प्रशासन और पुलिस के सहयोग से परीक्षा केंद्रों पर बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। निरीक्षण का उद्देश्य केंद्रों पर मौजूद किसी भी कमी को तुरंत दूर करना और अभ्यर्थियों को शांतिपूर्ण वातावरण में परीक्षा उपलब्ध कराना है।
दो दिन चलेगी JLO परीक्षा
राजस्थान लोक सेवा आयोग के अनुसार कनिष्ठ विधि अधिकारी (जयपुर विकास प्राधिकरण) प्रतियोगी परीक्षा-2025 का आयोजन रविवार और सोमवार को किया जा रहा है। केवल जयपुर में परीक्षा के लिए 53 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 13,245 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं। आयोग के सचिव रामनिवास मेहता ने बताया कि प्रत्येक प्रश्नपत्र में OMR उत्तर पत्रक के पांचवें विकल्प को भरने के लिए अभ्यर्थियों को 10 मिनट का अतिरिक्त समय भी दिया गया है।
- समय: सुबह 9:00 बजे से 12:00 बजे तक
- दोपहर: 2:30 बजे से 5:30 बजे तक
पढ़ें ये खबरें
- CG News: नवविवाहिता ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, परिजनों ने पति पर एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर का लगाया आरोप
- CG Suspend News : कलेक्टर से अभद्र व्यवहार करना पड़ा भारी, ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजक निलंबित
- दामोदर यादव के बिगड़े बोल: कहा- बाबा साहब ने खत्म किया राजा-रानियों का राज, अब नोट और शराब से होता है कब्जा
- Police Transfer News: पुलिस विभाग में बड़ा फेरबदल, SI, ASI समेत 36 पुलिसकर्मियों का तबादला, देखें लिस्ट…
- रेस्टॉरेंट में 21 वर्षीय युवती की हत्या: सहकर्मी ने पेट में चाकू से किए 4 वार, दिल दहला देने वाली वारदात CCTV में कैद

