RR vs LSG IPL 2026: आईपीएल 2026 के 64वें मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स (RR) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) को 7 विकेट से हरा दिया। जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में राजस्थान ने 221 रन के विशाल लक्ष्य को 19.1 ओवर में 3 विकेट खोकर हासिल कर लिया। इस जीत के साथ राजस्थान ने लगातार तीन हार के बाद जीत दर्ज की और लखनऊ को इस सीजन में दूसरी बार हराया।

लखनऊ ने बनाया 220 रन, इंग्लिश और मार्श की धमाकेदार शतकीय साझेदारी
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी लखनऊ सुपर जायंट्स ने 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 220 रन बनाए। टीम को तेज शुरुआत मिशेल मार्श और जोश इंग्लिस ने दिलाई।
दोनों बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए सिर्फ 50 गेंदों में 109 रन की विस्फोटक साझेदारी की। जोश इंग्लिस ने 60 रन की शानदार पारी खेली, जबकि मिशेल मार्श शतक से चूक गए और 96 रन बनाकर रन आउट हो गए। कप्तान ऋषभ पंत ने 35 रन और निकोलस पूरन ने 16 रन का योगदान दिया।
राजस्थान की ओर से यश राज पूंजा ने सबसे ज्यादा 2 विकेट लिए, जबकि जोफ्रा आर्चर को 1 सफलता मिली।
राजस्थान की पारी, सूर्यवंशी और जुरेल ने की तूफानी बल्लेबाजी
221 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजस्थान रॉयल्स को यशस्वी जायसवाल और वैभव सूर्यवंशी ने तेज शुरुआत दिलाई। कप्तान यशस्वी जायसवाल ने 23 गेंदों में 43 रन बनाए। इसके बाद वैभव सूर्यवंशी ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 38 गेंदों में 93 रन की विस्फोटक पारी खेली। अपनी पारी में उन्होंने 7 चौके और 10 छक्के लगाए। वहीं ध्रुव जुरेल ने भी शानदार बल्लेबाजी करते हुए नाबाद 53 रन बनाए। अंत में डोनोवन फरेरा ने 16 रन बनाकर टीम को जीत दिलाई।

लखनऊ की ओर से आकाश सिंह और मोहसिन खान को 1-1 विकेट मिला।
इस जीत के साथ राजस्थान रॉयल्स ने प्लेऑफ की उम्मीदों को मजबूत कर लिया है। राजस्थान का अगला मुकाबला 24 मई को मुंबई इंडियंस के खिलाफ खेला जाएगा।
इन टीमों ने किया प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई
बता दें कि आईपीएल सीजन 2026 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB), सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) और गुजरात टाइटंस (GT) प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई कर चुके हैं। अब प्लेऑफ के लिए एक स्थान बाकी है, जिसके लिए राजस्थान रॉयल्स (RR), कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) और पंजाब किंग्स (PBKS) के बीच मुकाबला जारी है।
दोनों टीमों की प्लेइंग 11 (RR vs LSG IPL 2026)
राजस्थान रॉयल्स (RR)
यशस्वी जयसवाल (कप्तान), लुआन-ड्रे प्रिटोरियस, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), डोनोवन फरेरा, शुभम दुबे, दासुन शनाका, जोफ्रा आर्चर, सुशांत मिश्रा, संदीप शर्मा, ब्रिजेश शर्मा, यश राज पुंजा
इम्पैक्ट प्लेयर: वैभव सूर्यवंशी
लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG)
मिशेल मार्श, जोश इंग्लिस, निकोलस पूरन, ऋषभ पंत (विकेटकीपर/कप्तान), आयुष बदोनी, अब्दुल समद, शाहबाज़ अहमद, मोहसिन खान, मयंक यादव, आकाश महाराज सिंह, प्रिंस यादव
इम्पैक्ट प्लेयर: दिग्वेश सिंह राठी
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

