Business Desk – RRB JE Recruitment 2026 : भारतीय रेलवे में इंजीनियर बनने का सपना देख रहे युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है. रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) ने जूनियर इंजीनियर (JE) समेत विभिन्न तकनीकी पदों पर 4,098 रिक्तियों के लिए भर्ती का नोटिफिकेशन जारी किया है.

इस भर्ती के जरिए देशभर के विभिन्न रेलवे जोन में नियुक्तियां की जाएंगी. आवेदन प्रक्रिया 14 अगस्त 2026 से शुरू होगी और उम्मीदवार 13 सितंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे. चयनित अभ्यर्थियों को 7वें वेतन आयोग के पे-लेवल-6 के तहत 35,400 रुपए प्रति माह शुरुआती मूल वेतन मिलेगा. इंजीनियरिंग डिप्लोमा और डिग्री धारकों के लिए यह रेलवे में सरकारी नौकरी पाने का बड़ा अवसर है. भर्ती प्रक्रिया में दो कंप्यूटर आधारित परीक्षाएं, दस्तावेज सत्यापन और मेडिकल टेस्ट शामिल होंगे.

इन पदों पर होगी भर्ती

इस भर्ती अभियान के तहत केवल जूनियर इंजीनियर (JE) ही नहीं, बल्कि कई अन्य तकनीकी पदों पर भी नियुक्तियां होंगी.

जूनियर इंजीनियर (JE) – सिविल, मैकेनिकल, इलेक्ट्रिकल, इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी (IT)
डिपो मैटेरियल सुपरिटेंडेंट (DMS)
केमिकल एवं मेटलर्जिकल असिस्टेंट (CMA)
कुल 4,098 पदों पर भर्ती की जाएगी.

कितनी मिलेगी सैलरी?

चयनित उम्मीदवारों को 7वें केंद्रीय वेतन आयोग (7th CPC) के पे-लेवल-6 के तहत 35,400 रुपए प्रति माह शुरुआती मूल वेतन मिलेगा. इसके अलावा कर्मचारियों को महंगाई भत्ता (DA), मकान किराया भत्ता (HRA), यात्रा भत्ता (TA) समेत रेलवे की अन्य सुविधाएं भी मिलेंगी. इससे कुल मासिक वेतन और बढ़ जाएगा.

आवेदन की महत्वपूर्ण तारीखें

ऑनलाइन आवेदन शुरू: 14 अगस्त 2026
आवेदन की अंतिम तिथि: 13 सितंबर 2026 (रात 11:59 बजे तक)
आवेदन वेबसाइट: rrbapply.gov.in
शैक्षणिक योग्यता

आवेदन करने के लिए उम्मीदवार के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय या संस्थान से संबंधित ट्रेड में इंजीनियरिंग डिग्री या डिप्लोमा होना अनिवार्य है. यह योग्यता सिविल, मैकेनिकल, इलेक्ट्रिकल, इलेक्ट्रॉनिक्स सहित अन्य संबंधित शाखाओं पर लागू होगी.

JE (IT) और केमिकल एवं मेटलर्जिकल असिस्टेंट (CMA) पदों के लिए अलग शैक्षणिक योग्यता निर्धारित की गई है, जिसकी विस्तृत जानकारी विस्तृत नोटिफिकेशन में दी जाएगी.

आयु सीमा

1 जनवरी 2027 के आधार पर उम्मीदवार की आयु:
न्यूनतम आयु: 18 वर्ष
अधिकतम आयु: 33 वर्ष

आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार आयु सीमा में छूट मिलेगी.
SC/ST: 5 वर्ष
OBC: 3 वर्ष

कैसे होगा चयन?

रेलवे जूनियर इंजीनियर भर्ती की चयन प्रक्रिया चार चरणों में पूरी होगी.
पहला चरण: CBT-1 (कंप्यूटर आधारित प्रारंभिक परीक्षा), जिसमें वस्तुनिष्ठ प्रश्न पूछे जाएंगे.
दूसरा चरण: CBT-2, जिसमें तकनीकी और संबंधित विषयों से प्रश्न होंगे.
तीसरा चरण: दस्तावेज सत्यापन (Document Verification).
चौथा चरण: मेडिकल परीक्षण (Medical Examination).

इन सभी चरणों में सफल होने वाले उम्मीदवारों का अंतिम चयन किया जाएगा.

आवेदन से पहले इस बात का रखें ध्यान

रेलवे भर्ती बोर्ड ने उम्मीदवारों को आवेदन से पहले आधार कार्ड की जानकारी जांचने की सलाह दी है. अभ्यर्थी यह सुनिश्चित कर लें कि आधार कार्ड में दर्ज नाम और जन्मतिथि 10वीं की मार्कशीट या प्रमाणपत्र से पूरी तरह मेल खाते हों. यदि दोनों में कोई अंतर है, तो आवेदन शुरू होने से पहले उसे ठीक करा लें, ताकि दस्तावेज सत्यापन के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो.