Bihar news: बिहार में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश और खराब मौसम के चलते रेलवे भर्ती बोर्ड ने बड़ा कदम उठाया है। पूर्व मध्य रेल (ECR) के अंतर्गत रेलवे भर्ती प्रकोष्ठ (RRC) पटना द्वारा आयोजित की जाने वाली शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) को प्रशासनिक कारणों और मैदान में जलभराव के चलते तत्काल प्रभाव से स्थगित कर दिया गया है। इस फैसले से रेलवे में नौकरी की आस लगाए बैठे 2,027 अभ्यर्थियों को फिलहाल और इंतजार करना होगा।
दानापुर के जगजीवन स्टेडियम में होना था आयोजन
निर्धारित शेड्यूल के मुताबिक, सीईएन-08/2024 के तहत शारीरिक दक्षता परीक्षा 26 और 27 सितंबर को दानापुर स्थित जगजीवन स्टेडियम में आयोजित की जानी थी। हालांकि, पिछले कुछ दिनों से पटना समेत राज्य के कई जिलों में जारी लगातार बारिश के कारण परीक्षा स्थल पर भारी जलजमाव हो गया है। स्थिति ऐसी है कि वहां दौड़ या अन्य शारीरिक दक्षता गतिविधियां कराना पूरी तरह असंभव हो गया है। RRC पटना के चेयरमैन चंद्रशेखर आजाद ने एक वीडियो संदेश के जरिए स्पष्ट किया है कि अभ्यर्थियों की सुरक्षा और निष्पक्षता को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है। प्रभावित सभी 2,027 अभ्यर्थियों को उनके रजिस्टर्ड ईमेल और एसएमएस के माध्यम से परीक्षा स्थगन की आधिकारिक सूचना व्यक्तिगत रूप से भेजी जा रही है।
नई तारीख और मौसम का हाल
रेलवे भर्ती प्रकोष्ठ ने यह भी स्पष्ट किया है कि परीक्षा की अगली तारीख की घोषणा जल्द ही आधिकारिक वेबसाइट पर की जाएगी। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे किसी भी तरह की अफवाहों या फर्जी वेबसाइटों से सावधान रहें और केवल पूर्व मध्य रेल की आधिकारिक वेबसाइट के हाजीपुर मुख्यालय-आरआरसी/पटना सेक्शन का नियमित रूप से अवलोकन करते रहें।
दूसरी ओर, मौसम विभाग के अनुसार पटना सहित प्रदेश के 16 जिलों में मेघ गर्जन, वज्रपात और तेज हवाओं के साथ बारिश का दौर अभी कुछ और दिन जारी रहने का अनुमान है। भभुआ, गोपालगंज और पश्चिमी चंपारण जैसे जिलों में भारी बारिश को लेकर विशेष चेतावनी जारी की गई है, जिससे जनजीवन के साथ-साथ आगामी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारियां भी प्रभावित हो रही हैं।


