जांजगीर-चांपा। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर एक युवती के आपत्तिजनक फोटो और वीडियो वायरल कर 70 हजार रुपये की रंगदारी मांगने वाले मुख्य आरोपी को जांजगीर पुलिस ने बिहार से गिरफ्तार किया है। आरोपी को साइबर तकनीकी की मदद से ट्रेस कर रोहतास जिले से पकड़ा गया। मामले में पहले ही दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा चुका है।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने सिटी कोतवाली जांजगीर में मामले की शिकायत की थी। उन्होंने बताया था कि आरोपी अकबर खान ने इंस्टाग्राम के माध्यम से उससे दोस्ती की। बाद में जांजगीर आकर झांसे में लेकर उसके आपत्तिजनक फोटो और वीडियो बना लिए। इसके बाद आरोपी ने इन्हें इंस्टाग्राम पर वायरल करना शुरू कर दिया और उन्हें हटाने के एवज में 70 हजार रुपये की मांग करने लगा।

साइबर तकनीकी के माध्यम से बिहार से पकड़ाया आरोपी
लगातार ब्लैकमेलिंग और मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर युवती ने पुलिस से शिकायत की। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में नैला चौकी प्रभारी निरीक्षक रंजीत कुमार कंवर के नेतृत्व में टीम गठित की गई। साइबर सेल की मदद से इंस्टाग्राम आईडी और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच की गई। जांच के दौरान मुख्य आरोपी का लोकेशन बिहार के रोहतास जिले में मिलने पर पुलिस टीम वहां पहुंची और उसे गिरफ्तार किया।
पूछताछ में कबूला जुर्म, मोबाइल जब्त
पूछताछ में आरोपी अकबर खान ने इंस्टाग्राम पर फोटो और वीडियो वायरल कर ब्लैकमेल करने का अपराध स्वीकार किया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन जब्त कर आरोपी अकबर खान (20 वर्ष), निवासी ग्राम चूरेसर, जिला रोहतास, बिहार को विधिवत गिरफ्तार करते हुए न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है। इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की भी पड़ताल की जा रही है।
पूर्व में गिरफ्तार आरोपी
- प्रेम कुमार सूर्यवंशी (21 वर्ष), निवासी पाली भाठापारा, जांजगीर।
- शिवम भवानी (19 वर्ष), निवासी स्कूल पारा, नहर के पास, पाली, जांजगीर।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

