रुद्रप्रयाग. केदारनाथ धाम की यात्रा पर शुक्रवार सुबह एक बार फिर रोक दी गई है. अचानक पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा और पत्थर आने से चीरबासा हेलीपैड के पास पैदल मार्ग बाधित हो गया है. जिस कारण से यात्रा रोक दी गई है. पहाड़ी से लगातार मलबा गिरने की सूचना के बाद प्रशासन ने यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए गौरीकुंड से केदारनाथ धाम की ओर पैदल आवाजाही रोक दी.
सुरक्षा के मद्देनजर गौरीकुंड से केदारनाथ की ओर बढ़ रहे यात्रियों को रास्ते में सुरक्षित स्थानों पर रोक दिया गया है. मार्ग की स्थिति सामान्य होने तक यात्रियों की आवाजाही प्रतिबंधित रखने के निर्देश दिए गए हैं. संवेदनशील क्षेत्र होने के कारण प्रशासन किसी भी तरह का जोखिम लेने के पक्ष में नहीं है.
इसे भी पढ़ें : आस्था की राह पर सुरक्षा का पहरा, मां नन्दा की जात यात्रा में देव डोलियों संग कदमताल कर रही पुलिस-SDRF
बता दें कि बीते जुलाई महीने में भी मौसम के चलते यात्रा रोकी गई थी. केदारनाथ धाम में इसका खासा असर देखने को मिला था. गौरीकुंड-केदारनाथ पैदल यात्रा मार्ग गौरीकुंड के पास और छोड़ी क्षेत्र में भारी भूस्खलन और बोल्डर गिरने के कारण बंद पड़ा था. इसके अलावा सोनप्रयाग-गौरीकुंड मोटर मार्ग पर मुंकटिया के पास लगातार पहाड़ी से बड़े-बड़े बोल्डर गिरने से आवाजाही बाधित हुई थी. छोड़ी क्षेत्र में भी लगातार पत्थर गिरने से मार्ग बाधित हो गया था.



