टीवी इंडस्ट्री की सबसे पसंदीदा ऑन-स्क्रीन मां-बेटी की जोड़ियों में शुमार दिव्यांका त्रिपाठी (Divyanka Tripathi) और रुहानिका धवन (Ruhanika Dhawan) एक बार फिर चर्चा में हैं. स्टार प्लस के सुपरहिट शो ‘ये हैं मोहब्बतें’ में ‘इशी मां’ और ‘रुही’ के रूप में दोनों ने दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई थी. शो खत्म हुए कई साल बीत चुके हैं, लेकिन दोनों के बीच का रिश्ता आज भी उतना ही मजबूत और खूबसूरत है. हाल ही में रुहानिका एक्ट्रेस दिव्यांका त्रिपाठी (Divyanka Tripathi) के घर पहुंचीं, जहां उन्होंने अपनी ‘इशी मां’ और उनके परिवार के साथ खास पल बिताया है. इस मुलाकात की तस्वीरें अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं.

बता दें कि रुहानिका धवन (Ruhanika Dhawan) ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर कई तस्वीरें शेयर की हैं. पहली तस्वीर में वह दिव्यांका त्रिपाठी (Divyanka Tripathi) और उनके पति विवेक दहिया (Vivek Dahiya) के साथ नजर आ रही हैं. वहीं, दोनों के जुड़वा बेटों को गोद में लेकर रुहानिका बेहद खुश दिखाई दे रही हैं. दूसरी तस्वीर में वह एक बच्चे को अपनी गोद में लिए हुए हैं और उनके चेहरे पर भावुकता साफ झलक रही है. इन तस्वीरों ने ‘ये हैं मोहब्बतें’ के फैन्स को पुराने दिनों की याद दिला दी.

तस्वीरों के साथ अपने पोस्ट में रुहानिका धवन (Ruhanika Dhawan) ने एक बेहद इमोशनल कैप्शन भी लिखा है. उन्होंने लिखा- “उनकी बेटी बनने से लेकर मेरी इशिमा के बच्चों को गोद में लेने तक… जिंदगी सच में एक पूरा सर्कल बन गई है. अब मैं ऑफिशियल तौर पर कह सकती हूं कि उन्हें तीन बच्चों का आशीर्वाद मिला है और इन जुड़वा बच्चों को इससे बेहतर और कूल माता-पिता नहीं मिल सकते थे.”

दिव्यंका ने भी पोस्ट में बरसाया प्यार

बता दें कि रुहानिका धवन (Ruhanika Dhawan) की पोस्ट पर दिव्यांका त्रिपाठी (Divyanka Tripathi) ने भी प्यार भरा जवाब दिया. उन्होंने लिखा, “रू, तुमने ही मुझे मम्मी बनना सिखाया. अब इन नन्हे-मुन्नों को अपनी ‘रू दी’ से बहुत कुछ सीखना है.” एक्ट्रेस दिव्यांका त्रिपाठी 26 मई 2026 को मां बनी थीं. शादी के लगभग दस साल बाद उन्होंने मुंबई के एक अस्पताल में जुड़वा बेटों को जन्म दिया. हाल ही में दिव्यांका और विवेक दहिया ने अपने यूट्यूब व्लॉग के जरिए अपने बच्चों के नामकरण की जानकारी भी साझा की थी. माता-पिता बनने के बाद दोनों अपनी नई जिंदगी के खास पलों को फैन्स के साथ साझा करते रहते हैं.