इजराइल-अमेरिका और ईरान युद्ध के चलते गंभीर ऊर्जा संकट खड़ा हो गया है. देश में भी इसका असर दिखाई दे रहा है. युद्ध शुरू होने के कुछ समय बाद पहले LPG की किल्लत देखने को मिली. सिलेंडर लिए लोग लाइनों में लगे दिखाई दिए. वहीं 24 मार्च से पेट्रोल-डीजल को लेकर भी अफवाह फैली, जिसके बाद पेट्रोल पंपों के बाहर लंबी-लंबी लाइनें दिखाई देने लगीं. अफवाहों को देखते हुए सरकार की तरफ से बयान आया कि पेट्रोल-डीजल को लेकर घबराने की बात नहीं है. इसका पर्याप्त स्टॉक है. लोग अफवाहों पर ध्यान न दें. भीड़ को देखते हुए कई जगहों पर पंप को ही बंद कर दिया गया.
इजराइल-अमेरिका और ईरान युद्ध के बीच देश में पेट्रोल-डीजल की कमी की अफवाह से हड़कंप मच गया. कई राज्यों में पंपों पर लंबी कतारें लगीं. हालांकि सरकार ने पर्याप्त स्टॉक होने की बात कहकर अफवाहों से बचने की अपील की है.
पेट्रोल-डीजल के लिए पंपों पर लगी भीड़ का हाल केवल एक राज्य का नहीं है, बल्कि कई राज्यों में यह देखने को मिला, जिसमें गुजरात, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश और राजस्थान शामिल हैं.
सबसे पहले बात महाराष्ट्र की करें तो यहां अमरावती जिले में पेट्रोल-डीजल की किल्लत गहराती नजर आ रही है. शहर के कई पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल-डीजल की बिक्री पूरी तरह बंद कर दी गई है. पंपों पर ‘पेट्रोल-डीजल उपलब्ध नहीं’ के बोर्ड लगाए गए हैं, जिसके चलते वाहन चालक मायूस लौटने को मजबूर हैं. वहीं जिन पेट्रोल पंपों पर मिल रहा है, वहां भारी भीड़ लगी हुई है.
गुजरात में भी अफवाहों को खूब बल मिला. अहमदाबाद से शुरू हुई अफवाह देखते ही देखते वडोदरा, गांधीनगर, सूरत और राजकोट सहित अन्य जिलों तक फैल गई. लोग पेट्रोल पंपों पर ऐसे टूट पड़े जैसे पानी के टैंकर से पानी लेने के लिए.
मध्य प्रदेश में तो सबसे बुरा हाल देखने को मिला. यहां आगर मालवा, इंदौर, मंदसौर, उज्जैन, भोपाल सहित अन्य जिलों में मंगलवार रात से अचानक से पेट्रोल पंपों पर भीड़ बढ़ गई. देखते ही देखते एक से दो किलोमीटर की लंबी लाइन लग गई. लोग ड्रम, केन, बोतल और कुप्पियों में पेट्रोल-डीजल भरकर ले जाने लगे, जिससे बिगड़ते हालात को देखते हुए पुलिस-प्रशासन भी एक्टिव हुआ और लोगों को अफवाहों से बचने को कहा.
राजस्थान में भी पेट्रोल पंप बंद होने की अफवाह ने हड़कंप मचा दिया. इसके चलते बीते सोमवार रात कई जिलों में अफरा-तफरी जैसी स्थिति पैदा कर दी. बीकानेर, उदयपुर, जालोर, आबूरोड और सलूम्बर सहित कई शहरों में पेट्रोल पंपों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं. अफवाह थी कि देशभर में सोमवार से एक अप्रैल तक पेट्रोल पंप बंद रहेंगे.
उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों में पेट्रोल पंपों पर भीड़ देखी गई. सिद्धार्थनगर और श्रावस्ती के वीडियो भी सामने आए. सिद्धार्थनगर के डुमरियागंज सहित कई पेट्रोल पंपों पर भीड़ दिखाई दी. जिले के पेट्रोल पंप प्रबंधक का कहना कि डिपो से उन्हें तेल नहीं मिला. तेल आने पर वितरण होगा. उन्होंने लोगों से कहा कि तेल संकट की अफवाह पर ध्यान न दें. प्रशासन का कहना है कि अफवाह के चलते सामान्य आपूर्ति पर दबाव बढ़ा है.
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

