Business Desk – अगर आप iPhone 17 खरीदने का प्लान बना रहे हैं, तो ज्यादा इंतजार महंगा पड़ सकता है. देशभर के कई रिटेल स्टोर और ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर iPhone 17 के कई मॉडल तेजी से आउट ऑफ स्टॉक हो रहे हैं. इसकी बड़ी वजह यह है कि बाजार में iPhone की कीमत बढ़ने की चर्चा तेज हो गई है, जिसके चलते ग्राहक अभी खरीदारी करने में जुट गए हैं.

हालांकि Apple ने अभी तक iPhone 17 की कीमत बढ़ाने का कोई आधिकारिक ऐलान नहीं किया है. बावजूद इसके, कंपनी के दूसरे प्रोडक्ट्स महंगे होने और कंपोनेंट्स की बढ़ती लागत को देखते हुए लोग मौजूदा कीमत पर iPhone खरीदना बेहतर विकल्प मान रहे हैं.
कीमत बढ़ने की आशंका से बढ़ी खरीदारी
बाजार पर नजर रखने वाले विशेषज्ञों के मुताबिक, पिछले कुछ दिनों में iPhone 17 की मांग अचानक बढ़ी है. खासकर बेस मॉडल की नई खेप बाजार में कम पहुंच रही है, जिससे उपलब्ध स्टॉक तेजी से खत्म हो रहा है. कई रिटेलर भी ग्राहकों को संदेश भेजकर जल्द खरीदारी करने की सलाह दे रहे हैं. उनका कहना है कि आने वाले दिनों में कीमत बढ़ सकती है.
कई मॉडल और वेरिएंट हुए आउट ऑफ स्टॉक
दिल्ली के एक बड़े रिटेलर के मुताबिक, कई ग्राहक बिना किसी डिस्काउंट की मांग किए सीधे iPhone 17 खरीद रहे हैं. वहीं, फ्लिपकार्ट और अमेजन पर भी कई रंग और स्टोरेज वेरिएंट उपलब्ध नहीं हैं. सीमित स्टॉक और ऑफर्स की वजह से भी खरीदारी की रफ्तार बढ़ गई है.
विशेषज्ञ बोले- पूछताछ और बिक्री दोनों बढ़ीं
काउंटरपॉइंट रिसर्च के रिसर्च डायरेक्टर तरुण पाठक के अनुसार, Apple के अन्य प्रोडक्ट्स की कीमतें बढ़ने के बाद iPhone 17 को लेकर ग्राहकों की पूछताछ में काफी तेजी आई है. लोग जानना चाहते हैं कि मौजूदा कीमत पर फोन कब तक उपलब्ध रहेगा. इसी कारण बिक्री में भी उल्लेखनीय बढ़ोतरी देखने को मिल रही है.
Apple ने कीमत बढ़ाने का ऐलान नहीं किया
Apple ने अभी तक iPhone 17 की कीमत बढ़ाने को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है. हालांकि, कंपनी हाल ही में MacBook, iPad और स्मार्ट होम डिवाइस की कीमतें बढ़ा चुकी है. इसी वजह से बाजार में यह अनुमान लगाया जा रहा है कि आने वाले समय में iPhone की कीमतों में भी बदलाव हो सकता है.
अप्रैल-जून तिमाही में बढ़ी iPhone की बिक्री
उद्योग से जुड़े जानकारों के मुताबिक, अप्रैल-जून तिमाही में iPhone की बिक्री काफी मजबूत रही. शुरुआती अनुमान बताते हैं कि इस दौरान Apple ने करीब 35 लाख iPhone की सप्लाई की, जबकि पिछले साल इसी अवधि में यह आंकड़ा करीब 31 लाख था. फ्लिपकार्ट और अमेजन की प्रमोशनल सेल का भी बिक्री बढ़ाने में अहम योगदान रहा.
कंपोनेंट महंगे होने से बढ़ सकती हैं कीमतें
विशेषज्ञों का कहना है कि इस साल मोबाइल फोन में इस्तेमाल होने वाली मेमोरी, स्टोरेज और अन्य कंपोनेंट्स की लागत बढ़ी है. ऐसे में भविष्य में iPhone की कीमतों में बदलाव की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता. यही वजह है कि कई ग्राहक संभावित कीमत बढ़ने से पहले मौजूदा रेट पर iPhone 17 खरीदना बेहतर सौदा मान रहे हैं.

