चंडीगढ़। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सचिन पायलट ने पंजाब की आम आदमी पार्टी (आप) सरकार पर निशाना साधते हुए राज्य की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब में गोलीबारी, जबरन वसूली और नशे से जुड़े मामले लगातार चिंता बढ़ा रहे हैं। पायलट के मुताबिक, मौजूदा हालात के कारण लोगों का भगवंत मान सरकार पर से भरोसा उठता जा रहा है।
पायलट इन दिनों पंजाब के पांच दिवसीय दौरे पर हैं। इस दौरान वह हिंसा में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों से मुलाकात कर रहे हैं और उन्हें न्याय दिलाने की मांग उठा रहे हैं। दौरे के दूसरे दिन उन्होंने मोगा में जून 2023 में मारे गए जौहरी परमिंदर सिंह के परिवार से मुलाकात की।
गोलीबारी और रंगदारी की घटनाओं पर सरकार को घेरा
परिजनों से मुलाकात के बाद पत्रकारों से बातचीत में पायलट ने कहा कि पंजाब में कानून-व्यवस्था बनाए रखना राज्य सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने आरोप लगाया कि बरनाला, बटाला और मोगा सहित विभिन्न इलाकों में खुलेआम गोलीबारी और रंगदारी की घटनाएं सामने आ रही हैं।
पायलट ने यह भी दावा किया कि डर के माहौल के कारण कई लोग पुलिस को शिकायत देने से भी बचते हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बने हालात केवल वर्तमान के लिए ही नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के भविष्य के लिहाज से भी चिंताजनक हैं।
आप सरकार की कार्यप्रणाली पर भी उठाए सवाल
कांग्रेस नेता ने आम आदमी पार्टी के शासन और उसकी राजनीतिक कार्यशैली की आलोचना करते हुए आरोप लगाया कि सत्ता में आने के बाद पार्टी ने दिल्ली से आए अपने नेताओं को संरक्षण और बढ़ावा दिया। उन्होंने दावा किया कि करदाताओं के पैसे का इस्तेमाल सरकार की छवि चमकाने में किया गया।
पायलट ने कहा कि पंजाब के लोग नशे की समस्या से परेशान हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि नशीले पदार्थों और जबरन वसूली से मिलने वाले पैसे का इस्तेमाल हथियार खरीदने में किया जाता है। उनके अनुसार, इन परिस्थितियों ने सरकार के प्रति जनता के विश्वास को प्रभावित किया है।
नशा और हथियारों की तस्करी पर केंद्र से भी जवाब मांगा
पंजाब में नशीले पदार्थों और हथियारों की सीमा पार से होने वाली तस्करी का मुद्दा उठाते हुए पायलट ने केंद्र की भाजपा सरकार को भी कठघरे में खड़ा किया। उन्होंने सवाल किया कि पिछले 12 वर्षों में सीमा पार से नशे और हथियारों की तस्करी रोकने के लिए क्या कदम उठाए गए हैं।
उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्रालय की भूमिका पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि इस गंभीर समस्या से निपटने के लिए किए जा रहे प्रयासों का जवाब मिलना चाहिए।
राहुल गांधी जल्द करेंगे पंजाब का दौरा
पंजाब दौरे के दौरान कांग्रेस की आगे की रणनीति को लेकर पूछे गए सवाल पर सचिन पायलट ने बताया कि पार्टी के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी जल्द ही पंजाब आएंगे। हालांकि, उनके दौरे की तारीख और कार्यक्रम को लेकर उन्होंने विस्तृत जानकारी नहीं दी।
पायलट के इस दौरे के दौरान कानून-व्यवस्था, नशे की समस्या और हिंसा के पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने जैसे मुद्दे प्रमुखता से उठाए जा रहे हैं।
- 10 महीने… 58 पद… और सिर्फ खाली वादे! आखिर क्यों अटकी पड़ी है नर्सिंग वेटिंग लिस्ट?
- Dhanbad News: धनबाद में 1400 किलो संदिग्ध पनीर जब्त, चार ठिकानों पर छापेमारी; 3 लोग पूछताछ के लिए हिरासत में
- घोषणा तो हुई पर मिला कुछ नहीं! राशन डीलरों के बकाया कमीशन को लेकर चंद्रशेखर ने योगी सरकार को घेरा, जानिए ऐसा क्या कहा?
- सिंदूर खेला: मां दुर्गा को सिंदूर लगाकर सुहागिनें मांगेंगी अखंड सौभाग्य
- Amazon Sale में OnePlus Nord 6 पर भारी छूट, 9,000mAh बैटरी और 165Hz डिस्प्ले वाले फोन की कीमत हुई कम

