Sachin Pilot News: कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट ने गुरुवार को दिल्ली में प्रदर्शनकारियों की हिरासत, चुनाव आयोग की भूमिका और कानून-व्यवस्था को लेकर केंद्र, राजस्थान और पंजाब सरकार पर निशाना साधा।
अपने आवास पर पत्रकारों से बातचीत में पायलट ने आरोप लगाया कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे लोगों को रात में हिरासत में लेना लोकतांत्रिक अधिकारों के खिलाफ है। उन्होंने SIR के तहत मतदाता सूची से नाम हटाए जाने पर भी सवाल उठाए और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की।

प्रदर्शनकारियों की हिरासत पर केंद्र सरकार को घेरा
सचिन पायलट ने कहा कि संविधान प्रत्येक नागरिक को अपनी बात रखने, धरना देने और शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने का अधिकार देता है। इसके बावजूद प्रदर्शनकारियों को रात तीन बजे हिरासत में लेकर थानों में रखने की कार्रवाई गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने युवा प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज और बल प्रयोग की निंदा करने की बात कही। पायलट का आरोप है कि सरकार लोगों की शिकायतें सुनने के बजाय उनके खिलाफ मुकदमे दर्ज कर रही है और उन्हें जेल भेज रही है।
SIR पर सवाल, मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग
मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR को लेकर भी पायलट ने चुनाव आयोग पर सवाल उठाए। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की कार्रवाई को कथित तौर पर गैरकानूनी और असंवैधानिक बताया। पायलट ने दावा किया कि इस प्रक्रिया में 13 करोड़ 30 लाख लोगों के नाम काटे गए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि दो चुनाव आयुक्तों की ओर से प्रक्रिया को लेकर आपत्ति जताई गई है। उनके मुताबिक, मताधिकार नागरिक का सबसे महत्वपूर्ण अधिकार है और इसे प्रभावित करना लोकतंत्र के लिए गंभीर विषय है।
‘सवाल चुनाव आयोग से, जवाब भाजपा प्रवक्ता दे रहे’
पायलट ने आरोप लगाया कि विपक्ष के सवालों का जवाब चुनाव आयोग की जगह भाजपा के प्रवक्ता देते नजर आते हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग की जिम्मेदारी निष्पक्ष चुनाव कराना है, न कि किसी राजनीतिक दल की तरह व्यवहार करना। उन्होंने इस स्थिति को नोटबंदी से जोड़ते हुए कहा कि पहले नोटबंदी हुई और अब वोटबंदी की जा रही है। पायलट ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से इस्तीफा देने की मांग भी की।
पूर्व विधायक की हत्या पर राजस्थान सरकार से जवाब मांगा
राजस्थान में पूर्व विधायक अतर सिंह भड़ाना की हत्या को लेकर पायलट ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि दिनदहाड़े एक पूर्व जनप्रतिनिधि की हत्या होना गंभीर मामला है। पायलट के मुताबिक, जब एक पूर्व जनप्रतिनिधि की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो रहे हैं, तो आम लोगों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ती है। उन्होंने प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर सवाल उठाते हुए सरकार से इस दिशा में गंभीरता से काम करने की मांग की।
पंजाब में ड्रग्स और गैंगस्टर के मुद्दे पर भगवंत मान को घेरा
पंजाब के मानसा जिले में ड्रग्स के खिलाफ आवाज उठाने वाले एक व्यक्ति की हत्या का जिक्र करते हुए पायलट ने मुख्यमंत्री भगवंत मान की सरकार पर भी हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब में ड्रग्स के खिलाफ लड़ने वालों को निशाना बनाया जा रहा है। पायलट ने गैंगस्टरों की ओर से फिरौती मांगने, दिनदहाड़े गोलीबारी और पुलिसकर्मियों की हत्या की घटनाओं का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि यदि पंजाब सरकार कानून-व्यवस्था संभालने में सक्षम नहीं है, तो भगवंत मान को अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए। ये आरोप पायलट ने अपनी प्रेस वार्ता के दौरान लगाए।
पंचायत चुनाव में कांग्रेस की जीत का दावा
राजस्थान में आगामी पंचायत चुनावों को लेकर पायलट ने कहा कि कांग्रेस की तैयारियां अच्छी तरह चल रही हैं। पार्टी ने कैंपेन कमेटी बनाई है और सभी जिलों में प्रभारियों की नियुक्ति की है। इसके अलावा, पॉलिटिकल अफेयर कमेटी का भी गठन किया गया है। उन्होंने दावा किया कि ग्रामीण क्षेत्रों में कांग्रेस की स्थिति मजबूत है और राज्य सरकार के प्रति लोगों में नाराजगी है। पायलट ने खाद की किल्लत, मनरेगा और विकास कार्यों को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पंचायत चुनाव में बहुमत के साथ जीत दर्ज करेगी।
पढ़ें ये खबरें
- ‘रामायण’ में हनुमान चालीसा गाने पर क्या बोले Diljit Dosanjh? अपनी गलती के लिए मांगी माफी
- 8 नवंबर को रायपुर में मांस-मटन की बिक्री पर प्रतिबंध, होटल में भी बेचने पर होगी कार्रवाई, आदेश जारी
- Ramayana Worldwide Collection: धनतेरस पर ‘रामायण’ का बॉक्स ऑफिस पर धमाका, पहले दिन 155 करोड़ का किया कलेक्शन
- Ranveer Singh की ‘प्रलय’ की शूटिंग से टले क्रिकेट मैच, मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन ने जताई नाराजगी
- Shehzad Poonawalla बने ‘Rise And Fall 2’ के विनर, जीत की रकम बाढ़ पीड़ितों को किया दान

