उमेश यादव, सागर। मध्य प्रदेश के सागर जिले की देवरी तहसील से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ सिंहपुर गंजन के राजा बाबा सिद्ध क्षेत्र के जंगल में कीमती पत्थर, बहुमूल्य गुरिया और हीरे-जवाहरात मिलने की अफवाह फैल गई। इस अफवाह के बाद पिछले 10 दिनों से करीब 2000 लोगों की भीड़ जंगल में अवैध खुदाई करने में जुटी हुई थी। जब रानी दुर्गावती टाइगर रिजर्व के वन अमले और देवरी पुलिस की टीम ग्रामीणों को समझाइश देकर खदेड़ने पहुँची, तो उग्र ग्रामीणों ने पुलिस बल पर भारी पथराव कर दिया। इस हमले में प्रधान आरक्षक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। वहीं देवरी थाने का पुलिस वाहन क्षतिग्रस्त हुआ है।

10 दिनों से चल रहा था खजाने की खुदाई का खेल

जानकारी के अनुसार सिंगपुर गंजन से सटे गांव राजा बाबा सिद्ध क्षेत्र के जंगल में पिछले 10 दिन से दूर-दूर से करीब 2000 लोगों की भीड़ बढ़ रही है जो जगह-जगह जंगल में खुदाई कर महत्वपूर्ण पत्थर- हीरे,ज्वाहरात और बहुमूल्य गुरियों की खुदाई करने में जुटे हुए हैं। जिन्हें रानी दुर्गावती टाइगर रिजर्व के वन अधिकारियों द्वारा पिछले तीन दिनों से जंगल में अवैध रूप से खुदाई करने से रोका गया लेकिन ग्रामीणों द्वारा बात न मानने और उनकी संख्या दिन-प्रतिदिन बढ़ने के बाद वन विभाग ने इसकी सूचना देवरी थाने को दी थी।

प्रधान आरक्षक की आंख के पास गंभीर चोट, सरकारी वाहन क्षतिग्रस्त

सूचना मिलते ही शनिवार को थाना प्रभारी हरिराम मानकर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जहां उनकी टीम का ग्रामीणों को जंगल से बाहर करते समय विवाद हो गया और फिर गुस्साए ग्रामीणों ने पुलिस पर पथराव कर दिया।

ग्रामीणों द्वारा फेंके गए पत्थरों से प्रधान आरक्षक राजा सिंह दांगी की आंख के पास गंभीर चोट आई है। उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। पथराव की इस घटना में देवरी थाने की पुलिस टीम का वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

अतिरिक्त पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे

घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम मुनव्वर खान और एसडीओपी अरुण उईके अतिरिक्त पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे लेकिन तब तक उपद्रवी ग्रामीण जंगल के रास्ते भाग निकले थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर पथराव करने वाले असामाजिक तत्वों की पहचान और जांच शुरू कर दी है।

गांव के सरपंच कृष्ण कुमार विश्वकर्मा ने बताया कि राजा बाबा की जंगल में पिछले 10 दिन से 2000 से अधिक लोग कई गांव से आकर बहुमूल्य पत्थर खोज रहे थे। इसके लिए ग्रामीण अलग-अलग टोलियों में बंटकर जंगल में फैले हुए थे।

थाना प्रभारी हरिराम मानकर ने बताया कि वन विभाग की सूचना पर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे थे। उन्होंने आगे बताया कि अफवाह सुनकर यहां हजारों की संख्या में लोग पहुंचे थे, जिन्हें समझाने का प्रयास किया गया। ग्रामीणों ने जंगल से लौटते हुए टीम पर पथराव कर दिया जिसमें एक पुलिसकर्मी घायल हुआ है।  

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m