उमेश यादव, सागर। एमपी के सागर जिले में गुरुवार देर रात एक शादी समारोह में उस समय दहशत फैल गई, जब बारात के दौरान अचानक गोली चली। इस फायरिंग में बैंड में शामिल 15 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। आनन-फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। एक संदेही को हिरासत में लिया गया है, जिस पर गोली चलाने का शक जताया गया है। फिलहाल उससे पूछताछ जारी है। बारात में वीडियो रिकॉर्डिंग के लिए ड्रोन कैमरे भी उड़ाए जा रहे थे, पुलिस ने उन ड्रोन कैमरों को जब्त कर लिया है। अधिकारियों का मानना है कि फायरिंग की पूरी घटना रिकॉर्डिंग में कैद हो सकती है, जिससे जांच में अहम सुराग मिल सकते हैं।
यह पूरा मामला मोतीनगर थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, सागर सरोज मैरेज गार्डन में अंबा ज्वेलर्स सोनी परिवार का विवाह कार्यक्रम था। बारात गोला कुआं से मैरेज गार्डन की ओर बढ़ रही थी। आगे-आगे बैंड पार्टी चल रही थी और माहौल उत्सव का था। तभी अचानक एक युवक ने फायर कर दिया। गोली की आवाज गूंजते ही अफरा-तफरी मच गई। लोगों को पहले समझ नहीं आया कि हुआ क्या है, लेकिन कुछ ही पलों में विवेक बंसल (15) जमीन पर गिर पड़ा।
ये भी पढ़ें: नरसिंहपुर में प्लाईवुड बनाने वाली फैक्ट्री में हादसा: ड्रायर फटने से चार मजदूर बुरी तरह झुलसे, एक महिला की हालत गंभीर
सीने में गोली लगने से तोड़ा दम
घटना के बाद विवेक के साथ मौजूद साथियों ने बिना समय गंवाए उसे उठाया और बड़ा बाजार स्थित एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (बीएमसी) रेफर किया गया। बीएमसी पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद बताया कि गोली सीने में गंभीर स्थान पर लगी थी और अस्पताल लाने से पहले ही उसकी मौत हो चुकी थी।
परिजनों ने थाने के बाहर किया प्रदर्शन
विवेक के साथी खिलान बंसल ने बताया कि वे सामान्य रूप से बैंड बजाते हुए आगे बढ़ रहे थे। अचानक तेज आवाज आई और विवेक गिर पड़ा। शुरुआत में किसी को अंदाजा नहीं था कि गोली चली है, लेकिन जब खून देखा तो हड़कंप मच गया। मौत की खबर मिलते ही परिजन और परिचित बड़ी संख्या में अस्पताल पहुंच गए। उन्होंने आरोपी के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की। कुछ समय के लिए लोगों ने विरोध जताते हुए थाने के बाहर भी प्रदर्शन किया और सड़क पर बैठ गए।
ये भी पढ़ें: सूटकेस में मिली लाश की शिनाख्तीः परिवार के साथ मिलकर की थी हत्या, आरोपी समीर पत्नी, भाई, बहन और मां के साथ गिरफ्तार, मृतका सिया महाराष्ट्र गोंदिया की थी
बुलानी पड़ी तीन थानों की पुलिस
सूचना मिलते ही मोतीनगर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई। भीड़ बढ़ने की स्थिति को देखते हुए तीन थानों का अतिरिक्त बल भी तैनात किया गया। पुलिस ने घटनास्थल और अस्पताल दोनों जगह हालात संभाले और मौजूद लोगों से पूछताछ शुरू की। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मौके पर मौजूद लोगों ने फायरिंग करने वाले एक संदिग्ध युवक को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। प्रारंभिक जानकारी में उसी पर गोली चलाने का शक जताया गया है।
इकलौता बेटा था मृतक
बताया गया है कि विवेक अपने परिवार का इकलौता बेटा था और बैंड बजाकर घर की जिम्मेदारियों में सहयोग करता था। उसकी असमय मौत से परिवार गहरे सदमे में है। सीएसपी ललित कश्यप ने बताया कि नाबालिग को गोली लगने से मृत्यु हुई है। शव को मर्चुरी में रखवाया गया है। प्रकरण दर्ज कर लिया गया है, आरोपी की पहचान कर ली गई है और उसकी तलाश जारी है। शुक्रवार सुबह पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक


