शब्बीर अहमद, भोपाल। मध्य प्रदेश के सागर में जहरीली शराब कांड में 11 लोगों की मौत हो गई। वहीं 74 लोगों का अस्पताल में इलाज जारी है। 59 बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज, 17 जिला चिकित्सालय, 7 बंडा सिविल हॉस्पिटल और 1 मरीज को एयरलिफ्ट कर एम्स भोपाल में भर्ती कराया गया है।
बया दें कि 5 सितंबर की रात शराब पीने के बाद कई लोगों की तबीयत बिगड़ी थी। इस दर्दनाक घटना के बाद 20 लोगों के खिलाफ बंडा थाने में नामजद FIR दर्ज की गई है। BNS की विभिन्न धाराओं और आबकारी एक्ट 49-A के तहत मामला दर्ज किया गया है।
FIR में अवैध शराब की बिक्री और सप्लाई का उल्लेख किया गया है। सस्ती शराब को मिलावटी तरीके से ब्रांडेड बनाकर बेचने का आरोप है। पुलिस ने शराब के कारोबार और सप्लाई नेटवर्क की जांच शुरू कर दी है।
मध्य प्रदेश के डिप्टी सीएम और स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र शुक्ला सागर पहुंचे जहां उन्होंने मरीजों से मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने डॉक्टरों से भी मरीजों का हालचाल जाना।
राजेंद्र शुक्ला ने कहा, ‘सागर के बंडा में हुई दु:खद घटना में 11 लोगों का दु:खद निधन हुआ है। अत्यधिक मात्रा में जहरीली शराब पीने से उन्हें नहीं बचाया जा सका है। 4 लोग गंभीर हैं, वहीं 1 व्यक्ति को एयरलिफ्ट करके भोपाल एम्स भेजा गया है। शेष 40 – 45 लोगों से मेरी व्यक्तिगत बात हुई है, वे सभी खतरे से बाहर है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने घटना पर तुरंत संज्ञान लेते हुए संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों को निलंबित किया है। इस मामले में कोई भी दोषी बख्शा नहीं जाएगा, सभी पर कठोर से कठोर कार्रवाई की जाएगी।’
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



