विकास कुमार, सहरसा। बिहार सरकार में कैबिनेट मंत्री डॉ. संतोष कुमार सुमन आज गुरुवार (6 अगस्त) को सहरसा पहुंचे, जहां उन्होंने गरीब चौपाल कार्यक्रम में हिस्सा लिया। शहर के जिला परिषद प्रांगण स्थित बैंक्वेट हॉल में आयोजित इस चौपाल में बड़ी संख्यां में लोगों ने अपनी समस्याओं से संबंधित 1000 से अधिक आवेदन मंत्री को सौंपे।

मंत्री ने बताया गरीब चौपाल का लक्ष्य

कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए डॉ संतोष सुमन ने बताया कि गरीब चौपाल का लक्ष्य अनुसूचित जाति, अनुसूचित जन जाती और अन्य वंचित वर्गों के उन लोगों तक पहुंचना है, जो आर्थिक कारणों से अपनी शिकायतें लेकर पटना नही जा पाते हैं। मंत्री ने कहा कि इन लोगों की शिकायतों का स्थानीय स्तर पर संकलन कर संबंधित विभागों तक पहुंचाया जा रहा है, ताकि उनकी समस्याओं का समाधान सुनिश्चित हो सके।

समस्याओं के बढ़ते दायरे पर जताई चिंता

उन्होंने बताया कि, प्राप्त आवेदनों में से जिन मामलों का स्थानीय स्तर पर समाधान संभव होगा, उनका तत्काल निस्तारण कराया जाएगा। शेष आवेदनों को विभागवार छांटकर पटना भेजा जाएगा और संबंधित विभागों को कार्रवाई के लिए अग्रसारित किया जाएगा। इस दौरान उन्होंने यह स्वीकार किया कि लोगों की समस्याओं का दायरा काफी बड़ा है, जो चिंता का विषय है।

ये भी पढ़ें- बिहार में उद्योग की नई क्रांति! स्टील, टेक्सटाइल और न्यूक्लियर सेक्टर में 51,600 करोड़ का निवेश