विकास कुमार, सहरसा। दीपावली पर्व को लेकर सहरसा पुलिस ने अवैध पटाखों के भंडारण एवं बिक्री के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। सदर थाना क्षेत्र के शंकर चौक सहित विभिन्न इलाकों में छापेमारी कर पुलिस ने भारी मात्रा में अवैध रूप से भंडारित पटाखे बरामद किए हैं। बरामद पटाखों का अनुमानित मूल्य करीब 25 लाख रुपये बताया गया है। मामले में चार दुकानदारों को हिरासत में लिया गया है।

सहरसा पुलिस द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर दीपावली पर्व के अवसर पर रिहायशी क्षेत्रों में पटाखों की खरीद-बिक्री एवं भंडारण की सूचना मिलने पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पंकज कुमार सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था। टीम में अंचलाधिकारी, कहरा, सदर थाना अध्यक्ष सहित सदर थाना के अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं सशस्त्र बल शामिल थे।

गठित टीम ने 25 अक्टूबर 2026 को शंकर चौक स्थित गैर लाइसेंसी गणेश स्टोर के संचालक सुशील कुमार, पिता राम बहादुर दास, निवासी महावीर चौक, वार्ड संख्या 37 तथा चंदन स्टोर के संचालक चंदन कुमार, पिता गणेश प्रसाद, निवासी सराही, वार्ड संख्या 39 की दुकानों में छापेमारी की। इस दौरान भारी मात्रा में अवैध रूप से भंडारित पटाखे बरामद किए गए।

इसके अलावा निर्धारित क्षेत्र से बाहर रिहायशी इलाके में पटाखे रखने के मामले में लाइसेंसी दुकानदार श्रीराम स्टोर के संचालक अमरजीत कुमार एवं मां लक्ष्मी स्टोर के संचालक राजय कुमार के यहां भी पटाखे पाए गए। पुलिस ने बरामद पटाखों की जब्ती सूची तैयार कर चारों दुकानदारों को हिरासत में लिया है। पुलिस के अनुसार, रिहायशी एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में विस्फोटक पटाखों का भंडारण और क्रय-विक्रय प्रतिबंधित है। इससे मानव जीवन को गंभीर क्षति पहुंचने की आशंका रहती है। ऐसे दुकानदारों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है।

सहरसा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि दीपावली के दौरान अवैध रूप से पटाखों का भंडारण एवं बिक्री करने वालों के खिलाफ लगातार निगरानी रखी जा रही है। नियमों का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें- बेगूसराय में भीषण सड़क हादसा: ट्रक-बाइक की टक्कर में दो लोगों की दर्दनाक मौत, परिजनों में कोहराम