विकास कुमार, सहरसा। जिले के बिहरा थाना क्षेत्र के आरण वार्ड नंबर-13 में कल मंगलवार देर रात करीब तीन बजे निवासी गजेंद्र यादव के घर के पीछे बने स्टोर रूम के पास जोरदार विस्फोट हुआ। विस्फोट के बाद आग लगने से एलवेस्टस का छप्पर उड़ गया और घर का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
लाखों का सामान जलकर राख
विस्फोट के बाद आग लगने से घर में रखा लाखों का सामान जलकर राख हो गया। हालांकि गनीमत की बात यह रही कि इस घटना में किसी को कोई नुकसान नहीं पहुंचा। हादसे के समय गजेंद्र यादव अपने घर में सो रहे थे। इस दौरान अचानक हुए विस्फोट से परिवार वालों की नींद खुल गई, जब वे बाहर निकले तो देखा कि मकान का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया है और उसमे आग लगा हुआ है। उनके शोर मचाने पर आसपास के लोग पहुंचे, जिन्हें कड़ी मशक्कत के आग पर काबू पाया।
जांच-पड़ताल में जुटी पुलिस
घटना की सूचना पर बिहरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारी आलोक कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया आग लगने के बाद विस्फोट की बात सामने आ रही है। घटनास्थल से किसी विस्फोटक सामग्री के अवशेष नहीं मिले हैं। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। जांच रिपोर्ट के बाद ही धमाके के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
ये भी पढ़ें- नालंदा में अवैध बालू खनन के दौरान बड़ा हादसा: लोडिंग के दौरान 16 वर्षीय किशोर जिंदा दबा, मौत

