सहरसा। जिले के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत भारतीय नगर स्थित रेड लाइट एरिया में मंगलवार को पुलिस और एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) ने एक बड़ी छापेमारी की। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ करते हुए 18 लोगों को हिरासत में लिया है, जिसमें 4 नाबालिग लड़कियां, 4 नाबालिग लड़के और 9 महिलाएं शामिल हैं।
सील मकानों में धड़ल्ले से चल रहा था देह व्यापार
साइबर डीएसपी कल्याण आनंद ने बताया कि लंबे समय से भारतीय नगर रेड लाइट एरिया में अवैध गतिविधियों की शिकायतें मिल रही थीं। पुलिस टीम ने गोपनीय तरीके से सूचना की सत्यता जांची और फिर छापेमारी की। हैरान करने वाली बात यह है कि जिन मकानों को पुलिस ने पहले ही अवैध गतिविधियों के कारण सील कर दिया था उन्हीं मकानों के ताले तोड़कर या उनमें घुसकर पुनः सेक्स रैकेट चलाया जा रहा था। पुलिस ने मामले की मुख्य आरोपी एक महिला को गिरफ्तार कर लिया है जिससे पूछताछ के आधार पर इस पूरे नेटवर्क के सरगनाओं की तलाश की जा रही है।
पूर्व में भी हो चुकी है कार्रवाई
यह क्षेत्र प्रशासन के रडार पर लंबे समय से है। डीएसपी ने जानकारी दी कि इससे पहले भी इस इलाके में बड़ी छापेमारी की गई थी, जिसमें 10 महिलाओं और 4 नाबालिग लड़कियों को मुक्त कराया गया था। तब मौके पर मौजूद कई मकानों को कानूनी रूप से सील किया गया था। बावजूद इसके, इन सील मकानों का दोबारा इस्तेमाल कानून की धज्जियां उड़ाने जैसा है। प्रशासन अब इस बात की जांच कर रहा है कि सील होने के बाद इन मकानों तक पहुंच किसकी थी और इन्हें कौन संचालित कर रहा था।
नाबालिगों की काउंसलिंग और कानूनी प्रक्रिया शुरू
पुलिस फिलहाल पकड़े गए सभी 18 लोगों से पूछताछ कर रही है। नाबालिगों को तत्काल प्रभाव से संरक्षण में लेकर उनकी काउंसलिंग शुरू कर दी गई है। कानून के अनुसार, उन्हें बाल सुधार गृह या सुरक्षित संरक्षण केंद्रों में स्थानांतरित करने की प्रक्रिया अपनाई जा रही है। डीएसपी कल्याण आनंद ने स्पष्ट किया है कि गिरफ्तार महिला से पूछताछ में जो भी नाम सामने आएंगे, उन सभी पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अब पूरे रैकेट को जड़ से खत्म करने के लिए गहन जांच कर रही है ताकि भविष्य में दोबारा ऐसे अपराधों की पुनरावृत्ति न हो।

