कुंदन कुमार, सहरसा। बिहार के सहरसा जिले में एक पत्रकार के साथ हुई मारपीट की घटना के विरोध में श्रमजीवी पत्रकार यूनियन संघ बिहार और युवा पत्रकार संघ के सदस्यों ने पटना में स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री को एक विस्तृत ज्ञापन सौंपते हुए आरोपी डॉक्टर एस.के. आजाद पर अभिलंब कड़ी कार्रवाई की मांग की।
​मुलाकात के दौरान श्रमजीवी पत्रकार यूनियन के महासचिव मुकुंद कुमार सिंह और युवा पत्रकार संघ के अध्यक्ष कुंदन कुमार ने स्वास्थ्य मंत्री को बताया कि सदर अस्पताल में उक्त डॉक्टर का खौफ और वर्चस्व बढ़ता जा रहा है, जिससे आम जनता के साथ-साथ पत्रकारों में भी भारी आक्रोश है।

​कई गंभीर आरोप और वायरल वीडियो का जिक्र

​प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री का ध्यान कई गंभीर अनियमितताओं की ओर आकर्षित किया:

  • ​शराब और सिगरेट का वायरल वीडियो: घटना के वक्त अस्पताल के ही एक कमरे में सिगरेट और शराब का वीडियो वायरल हुआ था, जिससे यह अंदेशा जताया गया है कि डॉक्टर नशे की हालत में हो सकते हैं।
  • ​लापरवाही और निजी प्रैक्टिस: डॉक्टर एस.के. आजाद पर सदर अस्पताल के मरीजों को प्रलोभन देकर अपने निजी क्लीनिक में भेजने और सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था को प्रभावित करने का आरोप है। इससे पहले भी इलाज में लापरवाही से हुई मौतों के मामले में धरना-प्रदर्शन हो चुके हैं।
  • ​हस्पिटल मैनेजर की योग्यता पर सवाल: प्रतिनिधिमंडल ने 2019 से शैक्षणिक योग्यता के विवादों में घिरीं हॉस्पिटल मैनेजर शिल्पी कुमारी की नियुक्ति और पद पर बने रहने की भी जांच की मांग उठाई।

​मंत्री ने दिए जांच और कार्रवाई के निर्देश

​पूरे मामले को गंभीरता से सुनने के बाद स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने उच्च अधिकारियों को निर्देश देकर अब तक की गई कार्रवाई की रिपोर्ट मांगी है। उन्होंने आश्वस्त किया कि दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा और बहुत जल्द इस पर उचित प्रशासनिक कदम उठाए जाएंगे।
​इस शिष्टमंडल में उपाध्यक्ष आफताब आलम सिद्दीकी, पटना जिला महासचिव प्रेम कुमार, संजय कुमार उर्फ गोलू, अध्यक्ष कुंदन कुमार, शुभेंदु रमन, पंकज कुमार, कृपा शंकर, शिव कुमार, अविनाश कुमार सिंह, सचिन तिवारी, अक्षय किशोर, ओम प्रकाश समेत कई मीडिया हाउस के सदस्य मौजूद रहे।