रवि गोयल, सक्ती। जिले के सेंदुरस गांव में बीते मंगलवार की रात हुए दोहरे हत्याकांड ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। जहां अज्ञात आरोपियों ने बुजुर्ग दंपत्ति की निर्मम हत्या कर दी। आज सुबह घटना का पता चलते ही गांव में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। फिलहाल हत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है।

narayana

जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह पड़ोस की एक महिला किसी काम से दंपत्ति के घर पहुंची थी। घर के भीतर का दृश्य देखकर उसके होश उड़ गए। महिला ने देखा कि दोनों पति-पत्नी खून से लथपथ मृत अवस्था में पड़े हुए हैं। इसके बाद उसने तत्काल ग्रामीणों को घटना की सूचना दी। देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और मामले की जानकारी पुलिस को दी गई।

मृतकों की पहचान पुरुषोत्तम खूंटे (70 वर्ष) और उनकी पत्नी गोहारिन बाई (55 वर्ष) के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अज्ञात आरोपियों ने दोनों के सिर पर भारी वस्तु से वार कर उनकी हत्या की है। हत्या इतनी बेरहमी से की गई कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल तथा एसडीओपी डॉ. भुवनेश्वरी पैंकरा पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने मौके का बारीकी से निरीक्षण किया और जांच के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

मामले की गंभीरता को देखते हुए साक्ष्य जुटाने के लिए डॉग स्क्वायड और एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) की टीम को भी बुलाया गया। फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने घटनास्थल से विभिन्न नमूने और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा संदिग्ध व्यक्तियों और घटना के समय क्षेत्र में हुई गतिविधियों की जानकारी जुटा रही है।

पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद मौत के कारणों और हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियार के संबंध में और स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी। इसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। मामले की जांच गंभीरता से की जा रही है और हर एंगल से पड़ताल जारी है।

फिलहाल इस दोहरे हत्याकांड से पूरे क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है, जबकि पुलिस मामले के हर पहलू की गहनता से जांच में जुटी हुई है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H