रवि गोयल, सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के करही गांव में देर रात हुई गोलीबारी की घटना ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है। अज्ञात हमलावरों ने कांग्रेस नेता एवं व्यापारी के घर में घुसकर फायरिंग की। इस घटना में व्यापारी के एक बेटे की मौत हो गई और दूसरा बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। इस घटना को लेकर स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। वहीं राजनीति भी गरमा गई है। कांग्रेस विधायकों ने इस वारदात में किसी बड़े नेता का हाथ होने का आरोप लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

घर में घुसकर की ताबड़तोड़ फायरिंग

जानकारी के मुताबिक, पूरी वारदात बिर्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत करही गांव की है। गुरुवार की रात करीब 12 बजे तीन अज्ञात नकाबपोश हमलावर घर के पीछे के रास्ते से व्यवसायी सम्मेलाल कश्यप के घर में घुसे। घर में घुसने के बाद वे सबसे पहले उस कमरे में पहुंचे, जहां आयुष, उसका भाई और एक बहन सो रहे थे। हमलावरों ने 19 वर्षीय आयुष कश्यप पर दो राउंड फायरिंग की, जिसमें एक गोली सीने और दूसरी कनपटी पर लगी। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, आशुतोष कश्यप पर भी एक राउंड फायर किया गया, जो उसके दाहिने हाथ में लगा। इस दौरान पैसों की मांग किए जाने की बात भी सामने आई है। फिलहाल घायल आशुतोष को तत्काल जिला अस्पताल जांजगीर में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।

घटना के बाद पूरे गांव में भय और तनाव का माहौल है। स्थानीय लोग दहशत में हैं और रात के समय सुरक्षा को लेकर चिंता जता रहे हैं। वहीं पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश कर रही है।

राजनीति से भी जुड़ा है परिवार

मृतक आयुष कश्यप, सम्मेलाल कश्यप का बेटा था, जो हाल ही में रेत के कारोबार में शामिल था। बीती रात वह जांजगीर-चांपा में रेत गाड़ी को छुड़वाने गया हुआ था, वहां से वह देर रात वापस लौटा था। सम्मेलाल कश्यप लोहा व्यापारी होने के साथ ही ब्लॉक कांग्रेस के उपाध्यक्ष हैं। वह पूर्व में उपसरपंच भी रह चुके हैं। वहीं, उनकी पत्नी भी पूर्व सरपंच रह चुकी हैं।

विधायक का बयान किसकी ओर कर रहा इशारा

घटना के बाद जैजैपुर विधायक बालेश्वर साहू और जांजगीर-चांपा विधायक व्यास कश्यप ने घटना को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी है। दोनों ही विधायकों के बयान को अगर ध्यान से सुना जाए तो उन्होंने इस खूनी खेल के पीछे चेहरों की ओर इशारा किया है। मतलब स्पष्ट है कि इस रेत के खूनी कारोबार के पीछे कौन सफेदपोश कातिल बनकर तलवार लिए अपने प्रतिस्पर्धी का गला काट रहा है, यह सब जान रहे हैं, मगर डर का ताला मुंह में लगा हुआ है, जो खुलकर बोलने की अनुमति नहीं दे रहा है। फिर जिले के समझदार लोग सब जानते हैं। सुनिए और समझिए आखिर विधायक किसकी ओर इशारा कर रहे हैं।

पुरानी घटनाओं से जुड़ रहे तार

स्थानीय लोगों का कहना है कि इससे पहले भी क्षेत्र में रेत से जुड़े विवादों को लेकर कई हिंसक घटनाएं हो चुकी हैं। कुछ समय पहले गांव के उपसरपंच की भी हत्या कर दी गई थी, जिसके बाद से इलाके में तनाव बना हुआ है। हालांकि पुलिस अब तक इस मामले के आरोपियों तक नहीं पहुंच सकी है। ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर पुलिस क्या कर रही है?

इस घटनाक्रम के बाद विपक्षी नेताओं और गांव में भी ऐसी चर्चा है कि राजधानी से कौन बड़ा नेता इस कारोबार को देख रहा है, इसकी भी जांच होनी चाहिए।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H