हिसार. राजस्थान के प्रसिद्ध सालासर बालाजी मंदिर में हिसार के श्रद्धालुओं के साथ मारपीट का मामला सामने आया था। मामले में चल रहा विवाद शनिवार शाम को आपसी सहमति के बाद शांत हो गया। हिसार के प्रयागगिरी सनातन धर्म मंदिर में पुजारियों और हिसार की 21 सदस्यीय कमेटी के बीच आयोजित एक गोपनीय बैठक में मंदिर प्रशासन ने घटना पर खेद जताते हुए पीड़ित परिवार से माफी मांगी।
मंदिर के पुजारियों ने दिया सुधार का आश्वासन
बैठक के दौरान सालासर धाम के पुजारियों ने स्वीकार किया कि मंदिर की व्यवस्थाओं में कुछ कमियां रही हैं, जिन्हें जल्द सुधारा जाएगा। मंदिर प्रशासन ने आश्वासन दिया कि भविष्य में वहां बाउंसर सिस्टम को पूरी तरह खत्म कर दिया जाएगा ताकि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा या दुर्व्यवहार का सामना न करना पड़े। इस आश्वासन के बाद पीड़ित परिवार ने संतोष व्यक्त किया है।
भजन गायक कन्हैया मित्तल के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी
विवाद सुलझने के बावजूद 21 सदस्यीय कमेटी के सदस्यों ने भजन गायक कन्हैया मित्तल के प्रति कड़ा रुख अपनाया है। कमेटी के सदस्य राजेंद्र चुटानी और बजरंग दास गर्ग ने कहा कि मंदिर प्रशासन के साथ मामला सुलझ गया है, लेकिन कन्हैया मित्तल का सामाजिक बहिष्कार जारी रहेगा। कमेटी ने निर्णय लिया है कि उन्हें हिसार में किसी भी कार्यक्रम में आमंत्रित नहीं किया जाएगा और यदि वे किसी कार्यक्रम में आते हैं तो उनका विरोध किया जाएगा।
पीड़ित परिवार करेगा कानूनी कार्रवाई
पीड़ित परिवार के मुखिया संजय अरोड़ा ने बताया कि कन्हैया मित्तल द्वारा दिए गए बयानों को लेकर वे जल्द ही कानूनी कार्रवाई करेंगे। इस संबंध में कमेटी की एक आगामी बैठक में विचार-विमर्श कर अंतिम निर्णय लिया जाएगा। फिलहाल मंदिर प्रशासन के साथ हुए समझौते के बाद मामले का एक पक्ष सुलझ गया है, जिससे दोनों पक्षों ने राहत की सांस ली है।
