मुंबई। करण जौहर के चर्चित चैट शो ‘कॉफी विद करण’ के नौवें और आखिरी सीजन को लेकर दर्शकों में उत्साह बढ़ गया है। शो के नए प्रोमो में सलमान खान के साथ करिश्मा कपूर भी नजर आ रही हैं। सलमान पहले एपिसोड के खास मेहमान होंगे, जबकि करिश्मा की सरप्राइज एंट्री ने फैंस का ध्यान खींच लिया है।
सलमान खान ने करण जौहर की ली चुटकी
प्रोमो में सलमान खान और करण जौहर के बीच मजेदार बातचीत देखने को मिल रही है। सलमान ने मजाक में कहा कि शो खत्म होने के बाद वह ‘कॉफी विद सलमान’ नाम से अपना शो शुरू कर सकते हैं। उन्होंने करण की चुटकी लेते हुए कहा कि वह हर सीजन को आखिरी सीजन बताते हैं। इस दौरान ‘कुछ कुछ होता है’ से जुड़ा एक मजेदार पल भी देखने को मिला।
सलमान-करिश्मा की जोड़ी फिर चर्चा में
सलमान खान और करिश्मा कपूर ‘जुड़वा’, ‘बीवी नंबर 1’, ‘हम साथ-साथ हैं’ और ‘दुल्हन हम ले जाएंगे’ जैसी फिल्मों में साथ काम कर चुके हैं। दोनों की ऑन-स्क्रीन केमिस्ट्री दर्शकों को काफी पसंद आई थी। ऐसे में शो में दोनों को एक साथ देखना फैंस के लिए खास होने वाला है।

करण जौहर ने भावुक पोस्ट से किया था ऐलान
करण जौहर ने सितंबर में एक भावुक वीडियो साझा कर शो के आखिरी सीजन की जानकारी दी थी। उन्होंने अपने सफर, पुरानी यादों और दर्शकों के प्यार को याद किया। उनके मुताबिक, ‘कॉफी विद करण’ ने उन्हें दोस्ती, हंसी-मजाक और कई यादगार पल दिए हैं।
कब और कहां देखें ‘कॉफी विद करण 9’?
जानकारी के मुताबिक, शो का प्रीमियर 14 अक्टूबर को शाम 7 बजे जियोहॉटस्टार पर होना है। नए एपिसोड हर बुधवार स्ट्रीम किए जाने की जानकारी दी गई है। अब दर्शकों को सलमान खान और करिश्मा कपूर की बातचीत और पुराने फिल्मी किस्सों का इंतजार है।

