Salman Khan Maatrubhumi Release Date: मुंबई : बॉलीवुड एक्टर सलमान खान एक बार फिर बड़े पर्दे पर वापसी करने जा रहे हैं। उनकी आने वाली फिल्म ‘मातृभूमि’ को लेकर इन दिनों काफी चर्चा हो रही है। इस फिल्म की खास बात सिर्फ इसकी कहानी ही नहीं, बल्कि सलमान खान की ओर से किया गया एक ऐसा ऐलान भी है, जिसने लोगों का ध्यान खींचा है। फिल्म देखने के लिए 75 साल या उससे अधिक उम्र के बुजुर्गों को महज 11 रुपये में टिकट देने की बात कही गई है। फिल्म 4 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।

करीब डेढ़ साल बाद बड़े पर्दे पर लौटेंगे सलमान खान
सलमान खान की पिछली फिल्म ‘सिकंदर’ मार्च 2025 में रिलीज हुई थी। हालांकि, यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कुछ खास कमाल नहीं दिखा पाई थी। अब करीब डेढ़ साल बाद सलमान अपनी नई फिल्म ‘मातृभूमि’ के साथ दर्शकों के बीच आने की तैयारी में हैं। इस बार वह एक देशभक्ति से जुड़ी कहानी लेकर आ रहे हैं, जिसे लेकर उनके फैंस में अभी से उत्सुकता बनी हुई है।

बुजुर्गों के लिए सिर्फ 11 रुपये का टिकट
फिल्म के ट्रेलर लॉन्च के दौरान सलमान खान ने बुजुर्ग दर्शकों के लिए खास घोषणा की। उन्होंने बताया कि 75 साल या उससे ज्यादा उम्र के लोग यह फिल्म सिर्फ 11 रुपये में देख सकेंगे। आज के समय में जब सिनेमाघरों में फिल्मों के टिकट काफी महंगे हो गए हैं, ऐसे में इतनी कम कीमत पर फिल्म दिखाने की पहल चर्चा में है। इस ऐलान को बुजुर्गों के लिए सलमान की तरफ से एक खास तोहफे के तौर पर देखा जा रहा है। हालांकि, इस छूट को लेकर टिकट बुकिंग और सिनेमाघरों से जुड़ी शर्तों की जानकारी सामने आना बाकी है।

गलवान घाटी की घटना पर आधारित है फिल्म की कहानी
‘मातृभूमि’ की कहानी साल 2020 में भारत और चीन के सैनिकों के बीच गलवान घाटी में हुई हिंसक झड़प से जुड़ी बताई जा रही है। फिल्म में सलमान खान भारतीय सेना के कर्नल संतोष बाबू की भूमिका निभा रहे हैं। कर्नल संतोष बाबू ने देश की रक्षा करते हुए अपने प्राण न्योछावर कर दिए थे। ऐसे में फिल्म के जरिए उस घटना और भारतीय जवानों के साहस को बड़े पर्दे पर दिखाने की कोशिश की गई है।

अपूर्व लखिया के निर्देशन में
इस फिल्म का निर्देशन अपूर्व लखिया कर रहे हैं। सलमान खान इसमें मुख्य भूमिका निभाने के साथ फिल्म के निर्माण से भी जुड़े हैं। उनके साथ चित्रांगदा सिंह अहम किरदार में नजर आएंगी। सलमान और चित्रांगदा की जोड़ी पहली बार इस फिल्म में देखने को मिलेगी। दोनों को एक साथ पर्दे पर देखना दर्शकों के लिए नया अनुभव होगा।

4 दिसंबर को सिनेमाघरों में आएगी ‘मातृभूमि’
फिल्म की रिलीज डेट 4 दिसंबर तय की गई है। अब देखना होगा कि देशभक्ति और गलवान घाटी की घटना पर आधारित यह फिल्म दर्शकों के दिलों में कितनी जगह बना पाती है। फिलहाल सलमान खान की 11 रुपये वाली टिकट की घोषणा ने फिल्म को रिलीज से पहले ही सुर्खियों में ला दिया है।

Alia Bhatt: रणबीर कपूर की ‘रामायण’ पर आलिया भट्ट ने लुटाया प्यार, राहा के साथ तस्वीरें शेयर कर कही दिल की बात

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m