सलोन विधानसभा क्षेत्र के नसीराबाद में समाजवादी पार्टी ने 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों के तहत साइकिल यात्रा निकाली. जिलाध्यक्ष इं. वीरेंद्र यादव और सपा नेता देवेंद्र भीमराज ने कार्यकर्ताओं से संगठन मजबूत करने और जनसंपर्क बढ़ाने की अपील की.

रविंद्र भारद्वाज, रायबरेली. सलोन विधानसभा क्षेत्र में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं. पार्टी की ओर से नसीराबाद में साइकिल यात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ता और सपा समर्थक शामिल हुए.

यात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं ने पार्टी के समर्थन में नारे लगाए और माहौल चुनावी रंग में नजर आया.

देवेंद्र भीमराज के नेतृत्व में यात्रा

भीम युवा संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सपा नेता देवेंद्र भीमराज के नेतृत्व में निकली साइकिल यात्रा क्षेत्र के विभिन्न मार्गों से होकर गुजरी. कार्यकर्ताओं ने लोगों से समाजवादी पार्टी की नीतियों से जुड़ने और संगठन को मजबूत बनाने की अपील की.

बदलाव का दावा

इस मौके पर सपा जिलाध्यक्ष इं. वीरेंद्र यादव ने कहा कि प्रदेश की जनता अब बदलाव चाहती है. भाजपा सरकार से जनता का मोहभंग हो चुका है और वर्ष 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने का मन लोगों ने बना लिया है.

उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता गांव-गांव और घर-घर जाकर जनता से संवाद करेंगे तथा लोगों की समस्याओं को मजबूती से उठाएंगे.

बूथ स्तर पर संगठन मजबूत

उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया. जिलाध्यक्ष ने कहा कि चुनाव में बूथ कार्यकर्ताओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होगी.

प्रत्येक कार्यकर्ता को पार्टी की नीतियों और समाजवादी विचारधारा को जनता तक पहुंचाने के लिए पूरी मेहनत करनी होगी.

सपा नेता देवेंद्र भीमराज ने कहा कि प्रदेश की जनता बदलाव चाहती है और वर्ष 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी. उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनसंपर्क अभियान तेज करने और संगठन को मजबूत बनाने की अपील की.

सपा की साइकिल यात्रा से सलोन क्षेत्र में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं. यात्रा को पार्टी के शक्ति प्रदर्शन के रूप में देखा जा रहा है और आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर क्षेत्र में भाजपा और सपा समेत अन्य राजनीतिक दलों ने अपनी सक्रियता बढ़ानी शुरू कर दी है.