शिखिल ब्यौहार, भोपाल। मध्य प्रदेश में राज्यसभा चुनाव से पहले कांग्रेस प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रद्द कर दिया गया। इसे लेकर सियासी हंगामा खड़ा हो गया है। कांग्रेस इसे लेकर जगह-जगह प्रदर्शन कर रही है। इस बीच समाजवादी पार्टी की भी एंट्री हुई है। सपा प्रदेश अध्यक्ष ने लोकतांत्रिक संस्थाओं के दुरुपयोग का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि खुलेआम लोकतंत्र की हत्या हुई है। साथ ही उन्होंने आंदोलन की भी चेतावनी दी है।

कांग्रेस की राज्यसभा प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रद्द होने के बाद अब कांग्रेस के साथ अन्य विपक्षी दलों ने भी बीजेपी के खिलाफ मोर्चा खोलना शुरू कर दिया है। नामांकन पत्र निरस्त किए जाने के विरोध में समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. मनोज यादव ने बीजेपी पर लोकतांत्रिक संस्थाओं के दुरुपयोग का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि भाजपा लोकतंत्र की हत्या करने पर आमादा है और अब वह “भारतीय जनता पार्टी” नहीं बल्कि “भारतीय झूठ पार्टी” बन चुकी है।

विपक्ष की आवाज को दबाने का प्रयास- SP प्रदेश अध्यक्ष

डॉ. मनोज यादव ने कहा कि भाजपा लगातार संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग कर विपक्ष की आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि बिना किसी पर्याप्त व न्यायसंगत कारण के कांग्रेस उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन का नामांकन पत्र निरस्त किया जाना लोकतांत्रिक मूल्यों पर सीधा हमला है। इस प्रकार की कार्रवाई लोकतंत्र की आत्मा को आहत करने वाली है।

अखिलेश यादव के कफन भेंट करने वाले बयान पर कही ये बात

उन्होंने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के चुनाव आयोग को प्रतीकात्मक रूप से कफन भेंट किए जाने के कदम को उचित बताते हुए कहा कि देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था को बचाने के लिए इस प्रकार के प्रतीकात्मक विरोध आवश्यक हो गए हैं। प्रदेश अध्यक्ष डॉ. मनोज यादव ने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि उसका जनता से कोई सरोकार नहीं रह गया है और वह केवल झूठ, सत्ता के दुरुपयोग के सहारे राजनीति कर रही है।

निष्पक्ष जांच की मांग

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की हत्या करने वाली भाजपा को देश की जनता आगामी चुनावों में सत्ता से उखाड़ फेंकेगी। उन्होंने मांग की कि जिन अधिकारियों ने बिना पर्याप्त कारण के मीनाक्षी नटराजन का नामांकन पत्र निरस्त किया है, उनके विरुद्ध निष्पक्ष जांच कर कठोर कार्रवाई की जाए। साथ ही मीनाक्षी नटराजन का नामांकन तत्काल बहाल कर लोकतांत्रिक प्रक्रिया के अनुरूप पुनः मतदान कराया जाए।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m