समस्तीपुर। बिहार के समस्तीपुर जिले से एक नाबालिग बच्ची के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। अंगारघाट थाना क्षेत्र में 4 साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म का आरोप उसके 15 वर्षीय नाबालिग चाचा पर लगा है। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी किशोर को पकड़ लिया है। मंगलवार को उसे जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड के समक्ष पेश किया जाएगा। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। बताया जा रहा है कि सोमवार दोपहर बच्ची घर के बाहर खेल रही थी। इसी दौरान उसका नाबालिग चाचा उसे खेलाने के बहाने अपने साथ घर ले गया। उस वक्त घर में कोई अन्य सदस्य मौजूद नहीं था। आरोपी की मां काम करने के लिए बाहर गई हुई थी, जबकि उसकी तीन बहनें भी घर पर नहीं थीं।

बच्ची रोते हुए अपने घर पहुंची

आरोप है कि घर में बच्ची के साथ अकेले होने का फायदा उठाकर किशोर ने उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना के बाद बच्ची रोते हुए अपने घर पहुंची। परिजनों ने जब उसे देखा तो उसके शरीर पर चोट के निशान मिले। बच्ची ने परिजनों को अपने साथ हुई घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिवार के लोगों ने पुलिस को सूचना दी।

नशे का आदी होने का पुलिस का दावा

दलसिंहसराय की सर्किल इंस्पेक्टर पिंकी प्रसाद के अनुसार, आरोपी किशोर करीब तीन साल पहले 8वीं कक्षा में पढ़ता था, लेकिन इसके बाद उसने पढ़ाई छोड़ दी। पुलिस के मुताबिक, किशोर कथित तौर पर सूखे नशे का आदी है और सुलेशन का सेवन करता रहा है।
पुलिस पूछताछ में किशोर ने दावा किया कि घटना के समय वह सुलेशन के नशे में था। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान उसने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। हालांकि, पुलिस पूरे मामले की अन्य पहलुओं से भी जांच कर रही है।

बच्ची का कराया गया मेडिकल टेस्ट

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने बच्ची का मेडिकल परीक्षण कराया है। उसके शरीर पर चोट के निशान पाए जाने की बात सामने आई है। पुलिस ने मेडिकल जांच के साथ-साथ घटना से जुड़े जरूरी साक्ष्य भी जुटाने शुरू कर दिए हैं। जांच टीम घटना की परिस्थितियों और संबंधित लोगों से पूछताछ कर रही है।

जुवेनाइल बोर्ड में होगी पेशी

इस मामले में पुलिस ने नामजद प्राथमिकी दर्ज कर ली है। आरोपी की उम्र करीब 15 वर्ष बताई गई है, इसलिए कानूनी प्रक्रिया के तहत उसे मंगलवार को जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड के समक्ष पेश किया जाएगा। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है। मेडिकल रिपोर्ट, पुलिस जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।