Bihar Crime: बिहार में बेखौफ बदमाशों का आतंक जारी है। ताजा मामला समस्तीपुर जिले से सामने आया है, जहां विभूतिपुर थाना क्षेत्र में अपराधियों ने कल रविवार की रात एक दिव्यांग मुर्गा दुकानदार की गला काटकर बेरहमी से उसकी हत्या कर दी। बदमाशों ने दुकानदार की उसके ही दुकान में गला काटकर इस घटना को अंजाम दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
अज्ञात बदमाशों ने घटना को दिया अंजाम
पूरी घटना साखमोहन टेकना चौक के पास की है। मृतक दुकानदार की पहचान अशोक दास पुत्र शंकर दास के रूप में हुई है, जो साखमोहन वार्ड नंबर-5 के निवासी थे। मिली जानकारी के अनुसार अशोक दास हर दिन की तरह कल रविवार की रात भी अपनी दुकान चिकन बना और बेच रहे ते। इस दौरान रात 9 बजे के करीब उनकी दुकान पर पहुंचे अज्ञात बदमाशों ने उनपर धारदार हथियार से हमला कर दिया। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो निकले।
इलाके में फैली सनसनी
कुछ देर बाद जब एक ग्राहक दुकान पर पहुंचा, वहां पर अशोक दास जमीन पर खून से लथपथ की हालत में पड़ा हुआ था। उसने लोगों को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ पहुंची और इसकी सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची विभूतिपुर थाने की पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और मामले की छानबीन में जुट गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इसके साथ ही पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हत्या के पीछे क्या वजह हो सकती है और किसने इस हत्याकांड का अंजाम दिया है।
पुरानी दुश्मनी में हत्या की आशंका
वहीं, दूसरी ओर परिजनों ने इस हत्याकांड के पीछे पुरानी दुश्मनी की आशंका जाहिर की है। परिजनों के मुताबिक मृतक अशोक दास दिव्यांग थे। मुर्गा बेचकर वह अपने परिवार का फालन-पोषण करते थे। इसके अलावा कभी-कभी वह टोटो भी चलाते थे। इस तरह से उनकी हत्या होने के बाद उनके परिवार के सामने रोजी-रोटी का संकट भी खड़ा हो गया है। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना के बारे में रोसड़ा के सर्किल इंस्पेक्टर मनोज कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया में हत्या के पीछे पुरानी रंजिश की बात सामने आ रही है। फिलहाल पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।
ये भी पढ़ें- गोपालगंज में महावीरी अखाड़ा जुलूस के दौरान हिंसा, युवक की चाकू गोदकर हत्या, मचा हड़कंप


