समस्तीपुर। बिहार के समस्तीपुर जिले में सोमवार रात एक ज्वेलरी कारोबारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। कारोबारी दुकान बंद कर बुलेट बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान दलसिंहसराय थाना क्षेत्र के पगड़ा गांव के पास बदमाशों ने उन्हें निशाना बनाया। हमले में कारोबारी को दो गोलियां लगीं, जिससे उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मृतक की पहचान पगड़ा गांव निवासी राजकुमार पोद्दार (38) के रूप में हुई है। बताया गया है कि राजकुमार काली चौक स्थित अपनी ज्वेलरी की दुकान बंद करने के बाद सोना-चांदी लेकर घर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में उन पर हमला किया गया। उन्हें पेट और कमर के बीच दो गोलियां लगीं।
सोना-चांदी से भरा बैग
वारदात के बाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। मौके से दो खोखे और एक कारतूस बरामद किए गए हैं। कारोबारी की बुलेट बाइक भी घटनास्थल पर मिली। खास बात यह है कि बाइक पर सोना-चांदी से भरा बैग भी सुरक्षित पड़ा हुआ था। कारोबारी के पास मौजूद सामान सुरक्षित मिलने के कारण पुलिस फिलहाल लूटपाट को घटना की प्रमुख वजह मानकर नहीं चल रही है। हालांकि, पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि बदमाशों ने कारोबारी की हत्या के इरादे से उन पर हमला किया था या इसके पीछे कोई दूसरी वजह थी।
घटनास्थल का निरीक्षण
घटना की जानकारी मिलने के बाद दलसिंहसराय के डीएसपी और समस्तीपुर के ग्रामीण एसपी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया और आसपास के लोगों से पूछताछ कर जानकारी जुटाई। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि हमलावरों की पहचान और उनके आने-जाने के रास्ते का पता लगाया जा सके। पुलिस कारोबारी के परिजनों और उनकी दुकान से जुड़े लोगों से भी पूछताछ कर रही है। जांच में यह पता लगाने पर जोर दिया जा रहा है कि कारोबारी की किसी से पुरानी रंजिश थी या हाल के दिनों में उन्हें कोई धमकी मिली थी।
हत्या की वजह अब तक स्पष्ट नहीं
समस्तीपुर के एसपी अरविंद प्रताप सिंह ने बताया कि हत्या के कारणों की जांच की जा रही है। कारोबारी दुकान बंद करने के बाद सोना-चांदी लेकर घर लौट रहे थे। उनका सामान और बाइक घटनास्थल पर सुरक्षित मिले हैं। ऐसे में हत्या के पीछे की वजह का पता लगाने के लिए पुलिस सभी बिंदुओं पर काम कर रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की है। फिलहाल मामले में हत्या की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। सीसीटीवी फुटेज, घटनास्थल से मिले साक्ष्य और लोगों से पूछताछ के आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।

