समस्तीपुर। जिले के मोहिउद्दीननगर थाना क्षेत्र के मुख्य बाजार में छेड़खानी के एक मामले को सुलझाने गई पुलिस टीम और एक स्थानीय युवक के बीच बीच सड़क पर भयंकर संघर्ष हो गया। स्थिति इतनी बिगड़ी कि पुलिस अधिकारी और युवक कीचड़ में लोट-पोट हो गए। इस दौरान भीड़ का फायदा उठाकर एक पूर्व मुखिया ने डंडे से पीट-पीटकर युवक का पैर ही तोड़ दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

​छेड़खानी की सूचना पर पहुंची थी डायल-112 की टीम

​बुधवार दोपहर मोहिउद्दीननगर बाजार में पुलिस को सूचना मिली थी कि गोलू कुमार नामक एक युवक ने रास्ते से गुजर रही एक महिला के साथ अभद्र व्यवहार किया है। इस शिकायत पर तुरंत कार्रवाई करते हुए डायल-112 की टीम को मौके पर रवाना किया गया। मौके पर पहुंचे पुलिस पदाधिकारी राजू कुमार के साथ दो महिला सिपाही भी मौजूद थीं। जब पुलिस ने आरोपी युवक को पकड़ना चाहा, तो उसने विरोध करना शुरू कर दिया, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया।

​कीचड़ में उठा-पटक

​युवक के उग्र तेवर देख डायल-112 पर तैनात दरोगा राजू कुमार उसे काबू करने के लिए अकेले ही भिड़ गए। इस दौरान दोनों के बीच हाथापाई हुई और दोनों कई बार सड़क पर भरे कीचड़ में गिर पड़े। मौके पर मौजूद दोनों महिला सिपाही भीड़ से मदद की गुहार लगाती नजर आईं, लेकिन स्थिति को संभालने के बजाय मामला और अधिक गंभीर होता चला गया। स्थानीय लोगों के मुताबिक यह युवक मानसिक रूप से अस्वस्थ बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस ने अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

महिला सिपाही का डंडा छीनकर तोड़ा पैर

​विवाद के दौरान तमाशा देख रहे स्थानीय पूर्व मुखिया और भाजपा नेता जितेंद्र कुमार सिन्हा ने हद पार कर दी। उन्होंने बीच-बचाव करने या कानून सम्मत कार्रवाई करने के बजाय मौके पर मौजूद महिला जवान के हाथ से डंडा छीन लिया। इसके बाद दरोगा ने जब युवक की गर्दन को मजबूती से जकड़ रखा था, तब पूर्व मुखिया ने ताबड़तोड़ डंडे बरसाने शुरू कर दिए। इस बेरहमी से हुई पिटाई के कारण युवक मौके पर ही बेहोश हो गया और उसका एक पैर भी टूट गया।

​पुलिस बोली- वीडियो के आधार पर हो रही है जांच

​पिटाई के बाद बेदम हुए युवक को पुलिस टीम तुरंत इलाज के लिए मोहिउद्दीननगर पीएचसी ले गई, जहां उसका उपचार चल रहा है। इस हिंसक झड़प में पुलिस पदाधिकारी राजू कुमार को भी चोटें आई हैं। मोहिउद्दीननगर थानाध्यक्ष विनय कुमार ने इस बात की पुष्टि की है कि युवक की पिटाई का वीडियो पुलिस को मिल गया है। उन्होंने बताया कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और घटना को लेकर प्राथमिकी (FIR) दर्ज करने की कानूनी प्रक्रिया जारी है।