संबलपुर: ओडिशा के प्रसिद्ध धार्मिक उत्सव ‘संबलपुर शीतल षष्ठी यात्रा’ (महादेव विवाह) को शांतिपूर्ण और सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए संबलपुर पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं. शहर में कानून व्यवस्था बनाए रखने और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए लगभग 80 प्लाटून पुलिस फोर्स तैनात की जाएगी. बुधवार को एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए संबलपुर के पुलिस अधीक्षक (SP) मुकेश कुमार भामू ने इस व्यापक बहुस्तरीय सुरक्षा योजना की जानकारी दी.

एसपी मुकेश कुमार भामू ने बताया कि इस वीवीआईपी स्तर की सुरक्षा व्यवस्था में 80 प्लाटून फोर्स के साथ 7 अतिरिक्त एसपी (ASP), 21 डिप्टी एसपी (DSP), 46 इंस्पेक्टर और 106 सब-इंस्पेक्टर/असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर रैंक के अधिकारियों को मुस्तैद किया गया है. 14 जून से शुरू हो चुका यह पावन उत्सव 18 से 20 जून के बीच अपने चरम पर होगा, जब मुख्य धार्मिक अनुष्ठानों और भव्य नगर परिक्रमा (शोभायात्रा) के लिए भारी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ेगी.

श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने स्थानीय विभिन्न “पड़ा” (मोहल्ला) कमेटियों के साथ समन्वय स्थापित किया है ताकि सुचारू आवागमन सुनिश्चित किया जा सके. शहर में जाम की स्थिति से निपटने के लिए एक विशेष ट्रैफिक रूट प्लान तैयार किया गया है. बाहर से आने वाले वाहनों के लिए अलग मार्ग और निर्धारित पार्किंग स्थल चिन्हित किए गए हैं. इसके अलावा, भीषण गर्मी को देखते हुए शहर के प्रमुख स्थानों पर श्रद्धालुओं के लिए पीने के पानी की विशेष व्यवस्था की गई है.

सुरक्षा व्यवस्था को अभेद्य बनाने के लिए पूरे संबलपुर शहर के संवेदनशील और प्रमुख चौराहों पर सीसीटीवी (CCTV) निगरानी नेटवर्क को और मजबूत किया गया है. कंट्रोल रूम से हर गतिविधि पर चौबीसों घंटे पैनी नजर रखी जाएगी. उत्सव के सफल आयोजन में सहयोग के लिए पूर्व पुलिस अधिकारियों और स्थानीय जानकारों की भी मदद ली जा रही है.

इस साल उत्सव के दौरान पूरे जिले में कुल 33 विवाह जुलूस (बारात) आयोजित किए जाएंगे, जिनमें से 28 बारात अकेले संबलपुर नगर निगम सीमा के भीतर निकाली जाएंगी. संबलपुर शहर में 6 भव्य बारात (नगर परिक्रमा) और देवी-देवताओं के मंदिर लौटने की 12 भव्य विदाई यात्राएं आकर्षण का मुख्य केंद्र होंगी. प्रशासन ने आम जनता से शांति और सौहार्द के साथ त्योहार मनाने की अपील की है.