टीवी और भोजपुरी इंडस्ट्री की फेमस एक्ट्रेस संभावना सेठ (Sambhavna Seth) और उनके पति अविनाश द्विवेदी (Avinash Dwivedi) के घर आखिरकार खुशियों ने दस्तक दे दी है. लंबे इंतजार, संघर्ष और कई मुश्किलों के बाद यह कपल जुड़वा बच्चों का माता-पिता बन गया है. संभावना ने इंस्टाग्राम पर ये खुशखबरी अपने फैंस के साथ शेयर किया है.

बता दें कि संभावना सेठ (Sambhavna Seth) ने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में बताया कि उनके घर एक बेटे और एक बेटी का जन्म हुआ है. इस खास मौके पर उन्होंने भावुक शब्दों में लिखा, “इस साल महा दिवाली जल्दी आ गई. लक्ष्मी और गणेश दोनों घर आ गए. हमारा दिल कृतज्ञता से भरा है. हर हर महादेव.”

साल 2016 में की थी शादी

बता दें कि संभावना सेठ (Sambhavna Seth) और अविनाश द्विवेदी (Avinash Dwivedi) ने साल 2016 में शादी किया था. शादी के लगभग 10 साल बाद दोनों को माता-पिता बनने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है. यह सफर उनके लिए बिल्कुल आसान नहीं रहा. संभावना कई वर्षों से मां बनने की कोशिश कर रही थीं और इस दौरान उन्हें कई बार निराशा का सामना करना पड़ा.

8 आईवीएफ हुए फेल

रिपोर्ट्स के अनुसार, संभावना सेठ (Sambhavna Seth) के कुल 8 आईवीएफ प्रयास असफल रहे. साल 2024 में उन्हें एक बड़ी उम्मीद मिली थी जब वे आईवीएफ के जरिए गर्भवती हुई थीं, लेकिन दुर्भाग्यवश उनका मिसकैरेज हो गया. इस घटना ने कपल को गहरा भावनात्मक आघात पहुंचाया था. हालांकि उन्होंने हार नहीं मानी और आगे बढ़ते हुए सरोगेसी का विकल्प चुना. आखिरकार उनकी यह कोशिश सफल रही और अब उनके घर दो नन्हे मेहमानों का आगमन हो चुका है.

45 वर्षीय संभावना सेठ (Sambhavna Seth) हमेशा से अपने मातृत्व के सफर के बारे में खुलकर बात करती रही हैं. उन्होंने अपने यूट्यूब व्लॉग्स और सोशल मीडिया पोस्ट्स के जरिए फैंस को अपनी भावनाओं, संघर्षों और उम्मीदों से अवगत कराया है. यही वजह है कि उनके फैंस भी इस खुशखबरी का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे. संभावना ने अस्पताल से कुछ भावुक तस्वीरें भी साझा की हैं, जिनमें उनकी आंखों में खुशी के आंसू साफ दिखाई दे रहे हैं. इस फोटोज में अविनाश भी उनके साथ नजर आ रहे हैं और इस खास पल में उनका साथ देते दिख रहे हैं. अपने व्लॉग के ज़रिए उन्होंने डिलीवरी का वीडियो भी शेयर किया है.