कुंदन कुमार, पटना। सीएम नीतीश के राज्यसभा पद की शपथ लेने के बाद से दिल्ली से लेकर बिहार तक सियासी माहौल गरमाया हुआ है। नीतीश कुमार अगले एक-दो दिनों में सीएम पद से भी इस्तीफा दे सकते हैं। हालांकि उनके इस्तीफा देने और नई सरकार के गठन होने से पहले ही सीएम पद को लेकर जदयू और बीजेपी के बीच सियासी पेंच फंसता नजर आ रहा है। इस बीच आज रविवार (12 अप्रैल) को डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी अचानक मुख्यमंत्री नीतीश से मुलाकात करने सीएम आवास पहुंचे, जिसे लेकर जदयू नेता और मंत्री विजय चौधरी ने बड़ा बयान दिया है।

मुलाकात करते रहते हैं सम्राट चौधरी- विजय चौधरी

सीएम नीतीश से सम्राट चौधरी की मुलाकात को लेकर मंत्री विजय चौधरी ने कहा कि, सम्राट जी पहले भी आते थे सीएम हाउस। वे कल भी आए थे। और आज भी उन्होंने सीएम से मुलाकात की है। चौधरी ने कहा कि, नई सरकार के गठन की प्रक्रिया शुरू होने वाली है। स्वाभाविक है आपस में बातचीत होगी। हालांकि विजय चौधरी ने यह भी कहा कि, अभी मंत्रिमंडल को लेकर कोई चर्चा नहीं होगी। चंद दिनों का इंतजार है, रुक जाइए।

बीजेपी की होगी अहम भूमिका- विजय चौधरी

वहीं, सीएम नीतीश के इस्तीफे को लेकर किए गए सवाल पर विजय चौधरी ने कहा कि, सब कुछ जल्द पता चल जाएगा। वहीं सीएम फेस को लेकर उन्होंने बड़ा बयान देते हुए कहा कि, यह बीजेपी को तय करना है। उनकी अनुशंसा पर एनडीए के विधायक दल में नेता चुना जाएगा। मुख्यमंत्री वही चुना जाएगा जो एनडीए की विधायक दल में नेता चुना जाएगा। बीजेपी कि उसमें अहम भूमिका होगी। बीजेपी अनुशंसा करेगी तब नाम का मोहर लगेगा। चौधरी के इस बयान से अब लगभग साफ हो गया है कि नीतीश के इस्तीफा देने पर बीजेपी से ही कोई बिहार का सीएम बनेगा।

निशांत को सीएम बनाने की मांग

विजय चौधरी भले ही इस बात की ओर इशारा कर रहे हों कि बीजेपी से कोई अगला सीएम बनेगा। हालांकि जदयू का एक खेमा आज भी निशांत कुमार को अगला सीएम बनाने की मांग कर रहा है। आज रविवार (12 अप्रैल) को जदयू कार्यालय के बाहर कार्यकर्ताओं की ओर से एक बार फिर पोस्टर भी लगाया गया है, जिसमें निशांत कुमार को अगला मुख्यमंत्री बनाने की मांग की गई है।

‘नहीं चाहिए फिर से दंगा-फसाद’

खास बात यह है कि निशांत को सीएम बनाने की मांग के साथ जो पोस्टर में लिखा गया है। उससे साफ है कि जदयू के कार्यकर्ता नहीं चाहते हैं कि सीएम पद बीजेपी के खाते में जाए। पोस्टर में लिखा गया है-“बिहार में ना तो बुलडोजर बवाल चाहिए ना ही फिर से ‘दंगा-फसाद’ चाहिए” इसके अलावा आगे लिखा गया है कि, हे लोकनाथ अब आपके परछाई स्वरूप युवा जनसेवक निशांते कुमार चाहिए। वहीं, अंत में लिखा गया है कि नीतीश जी का मिशन अधूरा निशांत कुमार ही करेंगे पूरा।

ये भी पढ़ें- Bihar Politics: ‘बिहार में नहीं चाहिए बुलडोजर बवाल’, CM पद को लेकर बीजेपी और जदयू में फंसा पेंच!