पलामू। मेदिनीनगर शहर में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। केजी स्कूल रोड स्थित बालिका छात्रावास के सामने बालू लदा हाइवा अचानक पलट गया, जिसकी चपेट में आने से 32 वर्षीय युवक सिंटू सिंह की मौत हो गई। हादसा सुबह करीब 11:10 बजे हुआ।
जानकारी के मुताबिक, बैंक ऑफ बड़ौदा के पास हाइवा से बालू उतारने का काम चल रहा था। इस दौरान कुछ स्थानीय लोग मौके पर मौजूद थे। अचानक हाइवा एक तरफ झुककर पलट गया और वहां खड़ा सिंटू सिंह उसके नीचे दब गया।हादसा इतना अचानक हुआ कि आसपास खड़े अन्य लोग मौके से दूर भाग गए। इससे वे हाइवा की चपेट में आने से बच गए।
तीन हाइड्रा और दो जेसीबी से शुरू हुआ रेस्क्यू
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। हाइवा के नीचे दबे युवक को निकालने के लिए तीन हाइड्रा और दो जेसीबी की मदद ली गई।करीब एक घंटे 15 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद दोपहर करीब 12:25 बजे सिंटू सिंह का शव हाइवा के नीचे से बाहर निकाला जा सका।
सदिक चौक पर लोगों ने किया सड़क जाम
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एफएमसीएच भेज दिया है। हादसे के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया और लोगों ने सदिक चौक को जाम कर दिया।बताया जा रहा है कि बालू लदा यह हाइवा छत्तीसगढ़ से मेदिनीनगर पहुंचा था। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।


