संगरूर. पंजाब के संगरूर जिले में लहरागागा-जाखल रोड पर रविवार को भीषण सड़क हादसा हुआ है. जानकारी है कि तेज रफ्तार वरना कार ने सड़क किनारे पौधे लगाने का काम कर रहे मनरेगा मजदूरों को कुचल दिया. दुखद बात यह है कि इस हादसे में करीब आठ मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 12 घायल हो गए, हादसे के बाद वहां कोहराम मच गया था. लोगों की चीख पुकार से इलाका दहल गया.

जानकारी मिली है कि मृतक गांव अलीशेर के रहने वाले थे. घायलों को लहरागागा और सुनाम के सरकारी अस्पतालों में पहुंचाया गया. गंभीर हालत के चलते कई घायलों को संगरूर, सुनाम और पटियाला रेफर किया गया.हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया.

गांव चोटियां के नजदीक जंगलात विभाग के तहत करीब 23 महिलाएं और पुरुष मनरेगा मजदूर पौधे लगाने के काम में जुटे थे. इसी दौरान तेज रफ्तार कार ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मजदूर उस समय सड़क किनारे बैठकर पानी पी रहे थे. इसी दौरान कार आई और अपने चपेट में लेते हुए कई को निकल गई. रफ्तार इतनी तेज थी कि कार कई मजदूरों को दूर तक घसीटती ले गई. पांच महिलाओं ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दो लोगों की लहरागागा और एक महिला की संगरूर अस्पताल में मौत हो गई.

मृतकों में सरबजीत कौर पत्नी सोनी सिंह, रणजीत कौर पत्नी काला सिंह, कर्मजीत कौर पत्नी जरनैल सिंह, निक्की पत्नी बंता सिंह, मनजीत कौर पत्नी तरसेम सिंह और मोटरसाइकिल सवार जीवन सिंह पुत्र राम लाल शामिल हैं. दो अन्य मृतकों की पहचान नहीं हो सकी.