कल्याणपुरी इलाके में रविवार सुबह दिनदहाड़े एक सफाई कर्मचारी की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान अनिल कुमार के रूप में हुई है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपित किसी अन्य व्यक्ति की हत्या करने पहुंचा था, लेकिन गलत पहचान के चलते उसने अनिल को निशाना बना लिया। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है।

सात बार चाकू से किया वार

घटना रविवार सुबह करीब 7:20 बजे कल्याणपुरी के 16 ब्लॉक की है। सीसीटीवी फुटेज में अनिल सड़क से कूड़ा उठाकर टिपर में डालते दिखाई दे रहे हैं। इसी दौरान पीले रंग की टी-शर्ट पहने एक व्यक्ति पैदल वहां पहुंचा। उसने कमर के पीछे से चाकू निकाला और अनिल पर हमला कर दिया।

आरोपित ने गर्दन और पेट पर चाकू से करीब सात वार किए। इसके बाद थप्पड़ और लात भी मारी। गंभीर रूप से घायल अनिल करीब दस मिनट तक सड़क पर पड़े तड़पते रहे। स्थानीय लोगों ने उन्हें एलबीएस अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

पत्नी के प्रेमी की हत्या करने आया था आरोपित

पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपित का निशाना सफाईकर्मी गुलशन था। गुलशन कूड़ा उठाने वाला टिपर चलाता है और अनिल के साथ काम करता था। दोनों की शक्ल काफी मिलती-जुलती बताई जा रही है। आशंका है कि इसी वजह से आरोपित ने अनिल को गुलशन समझ लिया।

बताया जा रहा है कि गुलशन का एक महिला से प्रेम संबंध था। महिला के पति को इसकी जानकारी हो गई थी और वह गुलशन की हत्या करना चाहता था। पुलिस को शक है कि गुलशन को खतरे की भनक पहले ही लग गई थी और वह घटना से कुछ देर पहले टिपर से उतरकर आगे चला गया था।

आरोपित की पहचान हुई, पुलिस तलाश में जुटी

कल्याणपुरी थाना पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस के मुताबिक आरोपित की पहचान हो चुकी है, लेकिन वह फिलहाल फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए टीमों को लगाया गया है। पोस्टमार्टम के बाद अनिल का शव स्वजन को सौंप दिया गया।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m